- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- जिला चिकित्सालय में गर्मी से तप रहे...
Shahdol News: जिला चिकित्सालय में गर्मी से तप रहे मरीज, एसी में रहने वाला प्रबंधन अनजान

डिजिटल डेस्क,शहडोल। बढ़ती गर्मी लोगों को झुलसाने पर आमादा है, लेकिन जिला चिकित्सालय प्रबंधन को लगता है इसका भान नहीं है। एसी में रहने वाला प्रबंधन मरीजों को ठंड हवा दिलाने में सफल होता नहीं दिख रहा है। सर्जिकल, मेडिकल और अन्य वार्डों में भर्ती मरीज उबल रहे हैं।
यहां कूलर तो लगे हैं, लेकिन वे सिर्फ शो-पीस हैं। प्यासे कूलरों से ठंडी हवा नहीं, बल्कि आग निकल रही है। मेडिकल वार्ड में 20 मरीजों के बीच महज एक कूलर लगा है। भीषण गर्मी में हवा के उस एक झोंके के लिए मरीजों के परिजनों के बीच विवाद हो रहा है। वार्डों में कूलर तो हैं, लेकिन उनमें पानी भरने वाला कोई नहीं है। मजबूरी में अस्पताल में राहत न मिलते देख लोग अब घरों से टेबल फैन ढोकर ला रहे हैं।
समझिए कहां-कैसी स्थिति
> सर्जिकल मेल वार्ड में तीन कूलर लगे हैं, पानी किसी में नहीं, एक चल रहा, बाकी बंद मिले।
> सर्जिकल फीमेल वार्ड में दो कूलर लगे, मिले परंतु पानी न होने के कारण एक भी नहीं चलता मिला।
> मेडिकल वार्ड में 20 मरीजों के बीच एक कूलर, वह भी ठीक से नहीं चल रहा।
> महिला वार्ड में सूखा मिला कूलर, पानी भरने वाला कोई नहीं।
> बंद वार्ड में एक्जास्ट फैन न होने से घटन जैसे हालात से परेशानी।
> सवाल है कि गर्मी शुरू होने से पहले कूलरों की रिपेयरिंग और पानी की व्यवस्था के लिए फंड का इस्तेमाल क्यों नहीं हुआ।
इधर, सपोर्टिंग स्टॉफ लगा रहे इंजेक्शन
अस्पताल में सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि इलाज का तरीका भी डरावना है। नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए वार्डों में तैनात अधिकतर अप्रशिक्षित आउटसोर्सिंग कर्मचारी (सपोर्टिंग स्टाफ) मरीजों को इंजेक्शन लगा रहे हैं। जबकि नियम यह कहता है कि इंजेक्शन और ड्रीप लगाने का काम सिर्फ प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ का है। हकीकत यह है कि वार्ड प्रभारी नर्सें अपनी कुर्सी छोडऩे को तैयार नहीं हैं। वे दूर बैठकर सिर्फ निर्देश दे रही हैं और मरीजों की जान जोखिम में डालकर सपोर्टिंग स्टाफ से टेक्निकल काम कराया जा रहा है।
जिम्मेदार नहीं निभा रहे दायित्व
अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखने के लिए प्रशासन द्वारा पृथक से सहायक प्रबंधक की तैनाती की गई है, लेकिन चर्चा है कि वे एसी कमरे से बाहर निकलती ही नहीं। यदि निकलतीं तो समस्याएं इतनी ज्यादा न होतीं। सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ का कहना है कि जो भी कमियां हैं उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
Created On :   25 April 2026 6:45 PM IST












