Shahdol News: लाखों रूपए की वित्तीय अनियमितता और जांच में पुष्टि के बाद भी सचिव पर 2 साल में कार्रवाई नहीं

लाखों रूपए की वित्तीय अनियमितता और जांच में पुष्टि के बाद भी सचिव पर 2 साल में कार्रवाई नहीं
जांच प्रतिवेदन में पंचायत द्वारा समय-समय पर वित्तीय लेन-देन के दौरान नियमों का पालन नहीं किए जाने की बातें कही थी

डिजिटल डेस्क,शहडोल। ग्राम पंचायत कल्याणपुर में लाखों रूपए की वित्तीय अनियिमता की बात जांच में पुष्टि हो जाने के बाद भी तत्कॉलीन पंचायत सचिव नीलम मिश्रा पर कार्रवाई की फाइल जिला पंचायत में दो साल में अटकी हुई है। जनपद पंचायत सोहागपुर के सहायक यंत्री नेहा गोस्वामी, बीपीओ ओलोदिया एक्का, उपयंत्री छत्रपाल कुशवाहा और पीसीओ बीएम गुप्ता ने जांच प्रतिवेदन में पंचायत द्वारा समय-समय पर वित्तीय लेन-देन के दौरान नियमों का पालन नहीं किए जाने की बातें कही थी।

सोहागपुर जनपद के सदस्य लक्ष्मण गुप्ता की शिकायत पर अब तक कार्रवाई नहीं होने मामले पर उनका कहना है कि जिला पंचायत के अधिकारी पंचायत सचिव पर कार्रवाई में डर रहे हैं। इससे गड़बड़ी के बाद भी सचिव के हौसले बढ़े हुए हैं। गड़बड़ी पर जिस सचिव को हटाने की कार्रवाई की जानी चाहिए, उन्हे दूसरे पंचायत का प्रभार देकर बचाने की कोशिश की जा रही है।

जांच रिपोर्ट में ये बातें कही

> ग्राम पंचायत कल्याणपुर में वर्ष 2022 में हुए पंचायत चुनाव में 5 मतदान केंद्रों में टेंट का भुगतान 2 लाख 30 हजार रूपए किया जाना पाया गया। इसी प्रकार एक लाख 77 हजार 250 रूपए की बिजली सामग्री खरीदी गई। यहां कम्प्यूटर रिपेयर के लिए 20 हजार, पंप खरीदी एक लाख 63 हजार 450 रूपए खर्च किया गया। इन सभी राशि का भुगतान बिना अनुमोदन के किया गया।

> 1 लाख 77 हजार 250 रूपए के स्ट्रीट लाइट व अन्य सामग्री खरीदी में कोटेशन नहीं मंगाया गया।

> शासकीय प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक एक की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए गुणवत्ता सुधार की हिदायद के बाद भी मनमाने ढंग से बाउंड्रीवाल का निर्माण किया गया। 11.38 लाख रूपए से स्वीकृत बाउंड्रीवाल का मूल्यांकन राशि 6.90 लाख रूपए है।

Created On :   30 April 2026 1:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story