MP News: ओंकारेश्वर झूला पुल पर आवागमन बंद, लोडिंग तार की कड़ी टूटी

ओंकारेश्वर झूला पुल पर आवागमन बंद, लोडिंग तार की कड़ी टूटी
ओंकारेश्वर और ममलेश्वर को जोड़ने वाले नर्मदा नदी पर बने झूला पुल के लोडिंग तार की एक कड़ी टूट जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।

डिजिटल डेस्क, खंडवा। ओंकारेश्वर से बड़ी खबर सामने आई है। ओंकारेश्वर और ममलेश्वर को जोड़ने वाले नर्मदा नदी पर बने झूला पुल के लोडिंग तार की एक कड़ी टूट जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।

जानकारी के अनुसार पुल के दोनों छोर पर गेट में ताले लगाकर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दोनों ओर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति पुल पर प्रवेश न कर सके।

प्रशासन द्वारा तकनीकी जांच के बाद मरम्मत कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पुल के सुधार कार्य में करीब तीन दिन का समय लग सकता है। इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर के बीच आवागमन के लिए पुराने पुल अथवा नाव का सहारा लेना पड़ेगा।

22 साल पुराना है पुल

गौरतलब है कि वर्ष 2004 में करीब 7.20 करोड़ रुपए की लागत से इस झूला पुल का निर्माण कराया गया था। इससे पहले वर्ष 2023 में भी पुल का एक तार टूट गया था, जिसके बाद मरम्मत कार्य कराया गया था। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Created On :   24 Jun 2026 6:36 PM IST

Tags

Next Story