- Home
- /
- सत्ता जाने की जानकारी होने के...
सत्ता जाने की जानकारी होने के बावजूद सड़कों के लिए 150 करोड़ देने का किया ऐलान

डिजिटल डेस्क,मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रताप पाटील चिखलीकर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण पर आरोप लगाया है कि नांदेड महानगरालिका का चुनाव करीब देख चव्हाण लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चव्हाण जानते थे कि महाविकास आघाड़ी सरकार की सत्ता जाने वाली है इसके बावजूद उन्होंने 150 करोड़ रुपए के सड़कों से जुड़े काम को मंजूरी देने की घोषणा की है। अतीत में सड़क के कार्य के नाम पर मंजूर की गई निधी में कई बार गड़बड़िया सामने आयी है। इसकी पुनर्रावृत्ति न हो। इसके लिए हमने इस पूरे मामले की राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जांच की मांग की है। ताकि इसका पता लगाया जा सके कि क्या हकीकत में 150 करोड़ रुपए की निधि को मंजूरी देने की जरुरत थी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री चिखलीकर ने कहा कि 35 वर्षों से लेंडी प्रोजेक्ट के पूरा न होने के लिए पूरी तरह से कांग्रेस नेता चव्हाण जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि नांदेड-देगलूर-बिदर रेलवे मार्ग, लेंडी प्रोजेक्ट, नांदेड शहर की सड़कों के लिए चव्हाण ने सत्ता में रहते हुए भी पर्याप्त निधि नहीं उपलब्ध कराई। कोरोना काल में कांग्रेस नेता चव्हाण ने नांदेड़ में राज्य सरकार की ओर से सिर्फ एक आक्सीजन निर्माण का प्रोजेक्ट स्थापित किया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निधी से वहां पर दो आरक्सीजन निर्माण के प्रोजेक्ट स्थापित किए गए। उन्होंने कहा कि चव्हाण घराने के पास कई बार मुख्यमंत्री पद रहा है। चव्हाण खुद अनेको बार राज्य में मंत्री रहे हैं। इसके बावजूद लेंडी प्रोजेक्ट पूरा नहीं हो सका है। आज स्थिति यह है कि 54 करोड रुपए के लेंडी प्रोजेक्ट का खर्च बढकर 683 करोड़ रुपए के पार हो गया है। कांग्रेस नेता चव्हाण के घराने के पास 50 साल सत्ता थी फिर भी नांदेड जिले में राष्ट्रीय महामार्ग के एक प्रोजेक्ट की शुरुआत नहीं हुई है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में चिखलिकर के साथ नांदेड़ जिलाध्यक्ष व्यक्टराव पाटील गोजेगांवकर, नांदेड़ महानगर अध्यक्ष प्रवीण साले, भाजपा मेडिकल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डाक्टर अजित गोपछडे भी उपस्थित थे।
9 जुलाई 2022
Created On :   9 July 2022 8:06 PM IST