- Home
- /
- बौराए श्वान ने चार बच्चों को किया...
बौराए श्वान ने चार बच्चों को किया घायल

डिजिटल डेस्क ,शिरजगांव कसबा अमरावती। शिरजगांव में आवारा श्वान की कमी नहीं है। परंतु उसमें से एक बौराए श्वान ने गुरुवार को चार बालकों को गंभीर रूप से चोट पहुंचाने का मामला सामने आया है। जिससे गांव में कुछ समय के लिए भय का माहौल था। जानकारी के अनुसार गुरुवार को गुरुदेव नगर में रिया शरद सातपुते (3) नामक बालिका आंगनवाड़ी से वापस घर लौट रही थी। इस दौरान श्वान ने उसे काट लिया। दूसरी घटना में गीता मंदिर के परिसर में युवराज सुरेश हेंड (3) अपनी मां के साथ साप्ताहिक बाजार गया था। युवराज को उसी श्वान ने काटा, जिससे उसे बुरी तरह चोट आई। दोनों बच्चों की हालत नाजुक रहने से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जबकि दूसरी ओर बौराए श्वान का आतंक जारी था। ठाकरे प्लाॅट निवासी वीर धर्म (5) घर के पास खेल रहा था। तभी उसे श्वान ने काटा। साथ ही मानकापुर में सर्वेश आमझरे (13) को भी श्वान ने काटने से चोट आई। श्वान के बढ़ते आतंक को लेकर गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
Created On :   15 July 2022 2:51 PM IST