- Home
- /
- MP : मुंगावली के बाद अब कोलारस के...
MP : मुंगावली के बाद अब कोलारस के पास भी नई तहसील बनेगी

डिजिटल डेस्क,भोपाल। अशोकनगर जिले की मुंगावली के बाद अब शिवराज सरकार शिवपुरी जिले में कोलारस के पास भी नई तहसील बनाने जा रही है। मुंगावली एवं कोलारस दोनों विधानसभाओं में उपचुनाव होने जा रहे हैं तथा इसी परिपेक्ष्य में क्षेत्रीय नागरिकों को प्रशासनिक सुविधा देने के लिए यह कदम उठाया गया है।
शिवपुरी जिले में वर्तमान तहसील बदरवास को तोड़कर रन्नोद नाम से नई तहसील गठित करने के आशय की राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। नवीन तहसील रन्नोद के पश्चिम और उत्तर दिशा में कोलारस तहसील पड़ती है। वह भी तब जबकि इस समय उपचुनाव के कारण शिवपुरी जिले में भारत निर्वाचन आयोग की आचार संहिता प्रभावी है। रन्नोद तहसील में वर्तमान तहसील बदरवास के 34 पटवारी हल्के क्रमांक 34 से 67 शामिल होंगे जिनमें कुल 63 ग्राम आते हैं। तहसील मुख्यालय भी रन्नोद में रहेगा। नई तहसील बनने पर वर्तमान तहसील बदरवास में 33 पटवारी हल्के क्रमांक एक से 33 रह जाएंगे जिसमें 77 ग्राम होंगे। बदरवास तहसील के भी उत्तर दिशा में कोलारस तहसील रहेगी। 26 मार्च 2018 के बाद रन्नोद तहसील मूर्त रुप ले लेगी।
गौरतलब है कि पिछली 20 दिसम्बर 2017 को राज्य सरकार ने अशोकनगर जिले की मुंगावली तहसील को तोड़कर बहादुरपुर नाम से नवीन तहसील बनाने के आशय की अधिसूचना जारी की थी। यह नई तहसील भी अब 28 फरवरी 2018 के बाद मूर्त रुप लेगी। इन दोनों उपचुनाव वाली तहसीलों मुंगावली और कोलारस के पास नवीन तहसीलें बनाने का उद्देश्य राज्य सरकार ने क्षेत्र का प्रशासन समुचित एवं प्रभावी रुप से किया जाना बताया है। वहीं नई तहसीलें बनने से क्षेत्र के नागरिकों को अपने प्रशासिन कामकाज हेतु दूरस्थ तहसील मुख्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा तथा सपीम में ही उन्हें तहसील मुख्यालय मिल जाएगा।
मप्र निर्वाचन पदाधिकारी संयुक्त मुख्यएसएस बंसल का कहना है कि उपचुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ होने के बाद नई तहसील बनाने के आशय की अधिसूचना तो जारी नहीं की जाना चाहिए। हम इसके बारे में विस्तृत जानकारी राज्य सरकार से लेंगे।
Created On :   31 Jan 2018 1:31 PM IST