- Home
- /
- ‘एक व्यक्ति, एक पद’ पर अमल कर नसीम...
‘एक व्यक्ति, एक पद’ पर अमल कर नसीम खान ने दिया इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस पार्टी के उदयपुर चिंतन शिविर के फैसले ‘एक व्यक्ति, एक पद’ पर अमल करते हुए पूर्व मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के कार्याध्यक्ष नसीम खान ने मुंबई कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। पिछले दिनों में उदयपुर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के चिंतन शिविर में फैसला लिया गया था कि पार्टी में ‘एक व्यक्ति, एक पद’ का सिद्धांत लागू किया जाएगा। इसके बाद सोमवार को प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी प्रभारी एचके पाटील ने इस सिद्धांत पर अमल करने को कहा था। अब प्रदेश कांग्रेस में इस नीति को लागू करने की शुरूआत हो चुकी है। प्रदेश कांग्रेस के कार्याध्यक्ष व पूर्व मंत्री नसीम खान ने इसकी शुरुआत करते हुए मुंबई कांग्रेस की प्रचार समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।
नसीम खान के पास प्रदेश कांग्रेस कार्याध्यक्ष और मुंबई कांग्रेस प्रचार समिति अध्यक्ष जैसे दो पद थे। मंगलवार को महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी एके पाटिल की उपस्थिति में मुंबई कांग्रेस की बैठक में उन्होंने मुंबई कांग्रेस की प्रचार समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा की तथा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र के जरिए अपना इस्तीफा सौंप दिया। नसीम खान ने खुद आगे आकर दो में से एक पद से इस्तीफा दिया है। इसके लिए महाराष्ट्र प्रभारी एचके पाटिल ने उनकी सराहना की।
मानकर यवतमाल जिला कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने राज्य के तीन जिलों में रिक्त अध्यक्ष पदों की जगह पर प्रभारी अध्यक्षों की नियुक्ति की है। मालेगांव शहर जिला कांग्रेस कमेटी प्रभारी अध्यक्ष पद पर एजाज बेग अजीज बेग, नंदूरबार जिला प्रभारी अध्यक्ष पद पर शिरीष कुमार नाईक और यवतमाल जिला प्रभारी अध्यक्ष पद पर प्रफुल्ल खुशालराव मानकर की नियुक्ति की गई है।
Created On :   24 May 2022 7:41 PM IST