दो हादसों में दो मौत: बेलगाम बोलेरो ने महिला को रौंदा, अज्ञात वाहन ने दादी-पोते को मारी टक्कर, दादी की मौत

बेलगाम बोलेरो ने महिला को रौंदा, अज्ञात वाहन ने दादी-पोते को मारी टक्कर, दादी की मौत
  • परासिया और सौंसर में हुई भीषण सडक़ दुर्घटनाएं
  • घर से कचरा फेंकने निकली महिला को मारी टक्कर
  • डीपीसी ने कहा- हमारी गाड़ी नहीं

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया के खिरसाडोह में शनिवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने महिला को रौंद दिया। महिला की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। बड़ी बात यह है कि वाहन की नम्बर प्लेट के ऊपर डीपीसी छिंदवाड़ा लिखा था, जबकि वाहन डीपीसी कार्यालय में अटैच नहीं है। दूसरी घटना सौंसर की है। यहां शुक्रवार को अज्ञात वाहन ने दादी-पोते को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को गंभीर चोट आई थी। घायल दादी की मौत हो गई। पोते का इलाज जारी है। दोनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

घर से कचरा फेंकने निकली महिला को मारी टक्कर-

परासिया टीआई जिगोतिन सरयाम ने बताया कि खिरसाडोह में रामकुमार विश्वकर्मा का घर है। शनिवार सुबह उनकी पत्नी 55 वर्षीय चंद्रकली विश्वकर्मा घर से कचरा फेंकने बाहर आई थी। महादेव मेले से छिंदवाड़ा की ओर आ रही तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने चंद्रकली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला लगभग सौ मीटर दूर तक घिसटती रही। चंद्रकली की मौके पर मौत हो गई थी। आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया जा रहा है।

डीपीसी ने कहा... हमारी गाड़ी नहीं-

जिस वाहन से खिरसाडोह में हादसा हुआ है। उस गाड़ी की नम्बर प्लेट के ऊपर डीपीसी छिंदवाड़ा लिखा है। इस मामले में डीपीसी जेके इरपाची का कहना है कि उक्त वाहन उनके कार्यालय से अनुबंधित नहीं है। डीपीसी कार्यालय में उक्त वाहन का कभी इस्तेमाल भी नहीं किया गया है। ट्रेवल्स द्वारा उक्त वाहन में डीपीसी क्यों लिखा गया है, पत्र जारी कर इस संबंध में जानकारी मांगी गई है।

अज्ञात वाहन ने दादी-पोते को मारी टक्कर, दादी मृत-

अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि बालाघाट लालबर्रा के ग्राम ददिया निवासी ४६ वर्षीय कविता पति रामेश्वर शेंडे परिवार के सदस्यों के साथ डेरा लेकर सौंसर आए थे। शेंडे परिवार खाना बदोस की तरह डेरा लगाकर रहता है। रामाकोना में उन्होंने डेरा लगाया था। कविता की बेटी का कन्हान में ससुराल है। 29 फरवरी को कविता अपने नाती ५ वर्षीय मानव के साथ कन्हान गई थी। १ मार्च को यहां से लौटते वक्त रास्ते में वे सडक़ हादसे का शिकार हो गई। किसी अज्ञात वाहन ने दादी-पोते को टक्कर मार दी। घायलों को सौंसर अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। रास्ते में कविता की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

Created On :   3 March 2024 3:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story