Jensen Huang Part 4- America-China War and Global Power: एक CEO, दो महाशक्तियां और चिप्स की जंग! अमेरिका से चीन तक क्यों है जेनसन हुआंग की इतनी डिमांड?

ताइवान से यूएस तक का सफर, अच्छे इंस्टीट्यूट के नाम पर रिलिजियस रिफॉर्म इंस्टीट्यूट में दाखिला, चाकू की नोंक पर धमकी, परिवार से दूरी फिर रीयूनियन। जिंदगी पटरी पर आए उससे पहले जेनसन हुआंग कई उतार चढ़ाव से गुजरे। बचपन, पहली नौकरी से टेक कंपनी का बिगशॉट बनने और फिर हनी ट्रैप का शिकार होने तक जेनसन हुआंग के बारे में जानिए सब कुछ। bhaskarhindi.com की इस खास सीरीज के जरिए...

डिजिटल डेस्क, भोपाल। एनवीडिया (Nvidia) में जेनसन हुआंग (Jensen Huang) की ड्रेमेटिक वापसी से आप क्या समझते हैं। ग्लोबल मंच पर खुद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप उनके समर्थन में नजर आए। ये ताकत सिर्फ जेनसन हुआंग की नहीं, बल्कि उनकी कंपनी Nvidia की भी है। हम अपनी पिछली कड़ी में आपको बता चुके हैं कि कैसे उन्होंने चिप्स की दुनिया में Nvidia की बादशाहत कायम की। आर्मी, वेपन्स और वॉरफेयर से जुड़ी दुनिया में चीन भले ही अमेरिका को आंखें दिखा सकता है। लेकिन चिप्स के मामले में अब भी चीन रेस में थोड़ा पिछड़ा हुआ है। आज की कड़ी में समझते हैं जेनसन हुआंग क्यों अमेरिका और चीन दोनों के लिए इतने जरूरी हैं।

ग्लोबल इकॉनॉमी पर Nvidia का इंपेक्ट

सवाल ये है कि एक चिप बनाने वाली कंपनी का शेयर बाजार और पूरी अर्थव्यवस्था से क्या लेना-देना? इसे ऐसे समझिए कि दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां AI में आगे निकलने के लिए डेटा सेंटर बना रही हैं। इसके लिए उन्हें Nvidia की चिप्स खरीदनी पड़ती हैं। चिप्स की मांग बढ़ती है तो Nvidia का कारोबार बढ़ता है। कंपनी की कमाई और शेयर की कीमत बढ़ती है। इसका असर अमेरिकी शेयर बाजार पर भी दिखाई देता है, क्योंकि Nvidia दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल है। लेकिन कहानी सिर्फ चिप बेचने तक सीमित नहीं है। Nvidia AI से जुड़ी कई कंपनियों में निवेश भी करती है। कुछ कंपनियों को फंडिंग देती है, तो कुछ के कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराती है। यानी कंपनी एक तरफ AI का इंफ्रास्ट्रक्चर बेच रही है और दूसरी तरफ उसे तैयार करने वाली कंपनियों को पैसा भी दे रही है।

हालांकि इस व्यवस्था को लेकर निवेशकों के मन में चिंता भी है। उनका सवाल है कि अगर Nvidia ने अचानक निवेश कम कर दिया तो क्या होगा? जिन कंपनियों का कारोबार उसके पैसे और चिप्स पर निर्भर है। वे भी अपने खर्च घटा सकती हैं। डेटा सेंटर बनाने की योजनाएं रुक सकती हैं और नौकरियों पर भी असर पड़ सकता है। यानी Nvidia के फैसले का असर सिर्फ कंपनी के मुनाफे तक सीमित नहीं है। AI में होने वाला भारी निवेश अमेरिकी अर्थव्यवस्था को भी गति दे रहा है। यही वजह है कि Nvidia को अमेरिकी शेयर बाजार की अहम कंपनियों में गिना जाता है।

अमेरिका-चीन की टेक जंग में क्यों अहम हैं जेनसन?

अब इस कहानी का दूसरा और ज्यादा महत्वपूर्ण पहलू समझिए। Nvidia की चिप्स सिर्फ कारोबार का सामान नहीं हैं, बल्कि अमेरिका और चीन के बीच चल रही तकनीकी प्रतिस्पर्धा का भी अहम हिस्सा बन चुकी हैं। अमेरिका नहीं चाहता कि चीन को सबसे आधुनिक AI चिप्स आसानी से मिलें। उसे आशंका है कि चीन इनका इस्तेमाल अपनी सैन्य ताकत, निगरानी व्यवस्था और AI तकनीक को मजबूत करने में कर सकता है। इसी वजह से अमेरिकी सरकार ने चीन को एडवांस चिप्स के निर्यात पर कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं। लेकिन जेनसन हुआंग इस मामले में अमेरिकी नीति के सख्त समर्थकों से अलग सोच रखते हैं। उनका मानना है कि चीन को अमेरिकी तकनीक से पूरी तरह दूर करने का फायदा अमेरिका को नहीं मिलेगा। ऐसा करने से चीन की Huawei जैसी कंपनियों को अपनी चिप्स और तकनीक विकसित करने का मौका मिलेगा। हुआंग का तर्क है कि अगर चीन अमेरिकी कंपनियों की चिप्स नहीं खरीद पाएगा, तो वो अपने दम पर ऑप्शन तैयार करने की कोशिश करेगा। इससे अमेरिकी कंपनियां दुनिया के दूसरे सबसे बड़े बाजारों में से एक को खो सकती हैं।

चीन भी क्यों चाहता है कि अमेरिका के साथ कारोबार के रास्ते बंद न हों?

चीन के लिए भी Nvidia की चिप्स काफी अहम हैं। वो AI के क्षेत्र में अमेरिका को चुनौती देना चाहता है। लेकिन इसके लिए उसे बड़ी कंप्यूटिंग क्षमता और एडवांस चिप्स की जरूरत है। जेनसन हुआंग कई बार कह चुके हैं कि चीन को अमेरिकी तकनीक से पूरी तरह अलग करने की कोशिश उलटी पड़ सकती है। इससे चीन अपनी चिप इंडस्ट्री को तेजी से मजबूत करेगा और भविष्य में अमेरिकी कंपनियों पर उसकी निर्भरता कम हो सकती है।

जेनसन की वापसी ने क्यों बढ़ाई उनकी अहमियत?

जेनसन हुआंग की अहमियत का अंदाजा हाल ही में हुए घटनाक्रम से भी लगाया जा सकता है। उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद Nvidia के भविष्य और AI इंडस्ट्री में कंपनी की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे थे। निवेशकों को चिंता थी कि उनके जाने से कंपनी की रणनीति बदल सकती है और AI में होने वाले निवेश की रफ्तार पर असर पड़ सकता है। हालांकि महज 11 दिनों के भीतर कंपनी के बोर्ड ने अपना फैसला पलटते हुए उन्हें वापस जिम्मेदारी सौंप दी। इस घटनाक्रम ने दिखाया कि कंपनी के शीर्ष नेतृत्व के लिए हुआंग कितने महत्वपूर्ण हैं। उनकी वापसी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनका स्वागत किया। ट्रंप ने उन्हें अमेरिका के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि Nvidia में उनका नेतृत्व कंपनी के साथ अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सफलता के लिए भी जरूरी है। टेक इंडस्ट्री के बड़े नामों ने भी उनकी वापसी का समर्थन किया। एलन मस्क ने इस फैसले को सुधार बताते हुए कहा कि गलती ठीक कर दी गई है। इस पूरे घटनाक्रम का एक संदेश साफ है। अमेरिका AI के क्षेत्र में अपनी बढ़त बनाए रखना चाहता है और इसके लिए Nvidia जैसी कंपनियों का मजबूत बने रहना जरूरी है। दूसरी तरफ चीन भी इस तकनीकी दौड़ में पीछे नहीं रहना चाहता।

आगे क्या होगा?

आने वाले समय में जेनसन हुआंग की भूमिका और महत्वपूर्ण हो सकती है। एक तरफ AI पर दुनिया का निवेश लगातार बढ़ रहा है। दूसरी तरफ अमेरिका और चीन के बीच एडवांस चिप्स, डेटा सेंटर और तकनीकी संसाधनों को लेकर टकराव जारी है। गोल्डमैन सैक्स के अनुमान के मुताबिक 2026 में AI पर ग्लोबल निवेश 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो सकता है। ऐसे में Nvidia जैसी कंपनियों के लिए कारोबार के बड़े मौके हैं। लेकिन अमेरिकी निर्यात प्रतिबंध, चीन की अपनी चिप इंडस्ट्री विकसित करने की कोशिश और AI में निवेश से मिलने वाले वास्तविक मुनाफे को लेकर सवाल भी बने हुए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story