Whatsapp web security alert: गृह मंत्रालय की WhatsApp यूजर्स को चेतावनी, कितना सुरक्षित है आपका WhatsApp Web? NCTAU ने बताए खतरे

गृह मंत्रालय की WhatsApp यूजर्स को चेतावनी, कितना सुरक्षित है आपका WhatsApp Web? NCTAU ने बताए खतरे
WhatsApp का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक अहम चेतावनी जारी की गई है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। WhatsApp का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक अहम चेतावनी जारी की गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

यूनिट के मुताबिक, लापरवाही के कारण किसी दूसरे व्यक्ति को आपके WhatsApp Web अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच मिल सकती है। इससे आपके निजी मैसेज, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप चैट की जानकारी खतरे में पड़ सकती है। इतना ही नहीं, कोई दूसरा व्यक्ति आपकी पहचान का इस्तेमाल करके आपके अकाउंट से मैसेज भी भेज सकता है। ऐसे में साइबर धोखाधड़ी की आशंका बढ़ जाती है। किन कंप्यूटरों पर WhatsApp Web का इस्तेमाल ज्यादा जोखिम भरा हो सकता है और क्या सिर्फ ब्राउजर बंद करने से अकाउंट लॉग-आउट हो जाता है? आइए जानते हैं

WhatsApp Web से कैसे हो सकता है अकाउंट का गलत इस्तेमाल?

NCTAU के अनुसार, अगर किसी दूसरे व्यक्ति को आपके WhatsApp Web अकाउंट का एक्सेस मिल जाता है, तो वह आपकी तरह उसका इस्तेमाल कर सकता है। वह आपके निजी मैसेज पढ़ने के साथ-साथ आपके कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप में चल रही बातचीत भी देख सकता है।

इसके अलावा, वह आपके अकाउंट से दूसरे लोगों को मैसेज भेज सकता है। इस तरह आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल करके लोगों को धोखा दिया जा सकता है। साइबर अपराधी इसका फायदा उठाकर फिशिंग, सोशल इंजीनियरिंग और अन्य तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं।

किन कंप्यूटरों पर WhatsApp Web इस्तेमाल करना ज्यादा जोखिम भरा?

गृह मंत्रालय की चेतावनी में ऑफिस, साझा और सार्वजनिक कंप्यूटरों पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय खास सावधानी बरतने को कहा गया है। ऐसे कंप्यूटर, जिनका इस्तेमाल एक से ज्यादा लोग करते हैं, उन पर लॉग-इन किया गया अकाउंट असुरक्षित हो सकता है।

साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क और होटल के बिजनेस सेंटर जैसे स्थानों पर WhatsApp Web खोलने से बचना चाहिए। इन जगहों पर इस्तेमाल के बाद अकाउंट खुला रह जाने या किसी दूसरे व्यक्ति के उसे एक्सेस करने का खतरा हो सकता है।

इसके अलावा, सरकारी, वित्तीय और निजी संस्थानों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web के जरिए भेजने से बचना चाहिए। संगठनों को भी आधिकारिक और गोपनीय कामों के लिए ऐसे कंप्यूटरों पर WhatsApp Web इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।

WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

NCTAU ने यूजर्स को अकाउंट की सुरक्षा के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। इन बातों का ध्यान रखकर अनधिकृत पहुंच और अकाउंट के गलत इस्तेमाल का खतरा कम किया जा सकता है।

खुद लॉग-आउट करें: सिर्फ ब्राउजर या टैब बंद करना पर्याप्त नहीं है। WhatsApp Web का इस्तेमाल पूरा होने के बाद अकाउंट से लॉग-आउट जरूर करें।

प्राइवेट मोड का इस्तेमाल करें: भरोसेमंद कंप्यूटर पर भी जरूरत पड़ने पर इनकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड में WhatsApp Web खोलें। काम पूरा होने पर लॉग-आउट करना न भूलें।

अनजान कंप्यूटर से बचें: साइबर कैफे और सार्वजनिक कंप्यूटरों पर अपने WhatsApp अकाउंट को लॉग-इन करने से बचें।

डिवाइस और ब्राउजर अपडेट रखें: कंप्यूटर, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को समय-समय पर अपडेट करते रहें। अनजान फाइल, संदिग्ध डाउनलोड और क्रैक सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल न करें।

अकाउंट से अपने आप मैसेज जाए तो क्या करें?

NCTAU ने यूजर्स को अपने WhatsApp अकाउंट पर होने वाली असामान्य गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी है। अगर आपके अकाउंट से ऐसा कोई मैसेज भेजा जाता है, जिसे आपने नहीं लिखा है, तो इसे गंभीरता से लें।

इसी तरह, अगर आपके संपर्क में मौजूद लोग आपके अकाउंट से आए किसी अजीब या संदिग्ध मैसेज के बारे में पूछते हैं, तो तुरंत अपने अकाउंट की जांच करें। यह इस बात का संकेत हो सकता है कि किसी दूसरे व्यक्ति को आपके अकाउंट तक पहुंच मिल गई है।

यूनिट ने संगठनों को भी आधिकारिक और संवेदनशील कामों के लिए WhatsApp Web का इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। अगर इसका इस्तेमाल जरूरी हो, तो प्राइवेट ब्राउजिंग मोड अपनाएं और हर बार काम पूरा होने के बाद अकाउंट से लॉग-आउट जरूर करें।

Created On :  

Tags

Next Story