मौसम अपडेट: दिल्ली में कोहरा बढ़ाएगा परेशानी, उत्तराखंड में मौसम रहेगा साफ, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। कहीं बारिश होगी तो कहीं ठंड और कोहरे का असर बढ़ सकता है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 24 नवंबर से दक्षिण भारत में बारिश बढ़ने की संभावना है। इसके चलते तमिलनाडु, केरल समेत 8 राज्यों में पानी बरस सकता है। कुछ जगहों पर बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने का भी अनुमान है। दूसरी तरफ उत्तर भारत के कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिल सकता है। दिल्ली में भी हल्की ठंड बढ़ेगी। वहीं, उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय ठंड का एहसास ज्यादा हो सकता है।
यह भी पढ़े -यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर खींचतान, कांग्रेस ने अखिलेश यादव को सौंपी 100 से ज्यादा सीटों की लिस्ट
8 राज्यों में बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की भी आशंका
मौसम विभाग ने 24 नवंबर को दक्षिण भारत और आसपास के 8 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप शामिल हैं। इन जगहों पर कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बादल गरजने और बिजली गिरने का खतरा भी है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में सुबह छाएगा कोहरा, रात में बढ़ेगी ठंड
आपको बता दें कि, दिल्ली में 24 नवंबर को दिन के समय आसमान साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध और कोहरा रह सकता है। यहां दिन का तापमान 24 से 26 डिग्री और रात का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, 25 नवंबर को रात का तापमान 9 से 11 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दिन सुबह कहीं हल्का तो कहीं मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। 26 नवंबर को भी सुबह के समय ऐसा ही मौसम रह सकता है।
उत्तराखंड में 6 दिन तक नहीं होगी बारिश
इसके अलावा उत्तराखंड में फिलहाल मौसम साफ रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 से 29 नवंबर तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले 6 दिनों तक मौसम में भी कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है। यानी इस दौरान लोगों को बारिश से राहत मिलेगी।
Created On :  

