UP Road Accident: ट्रक ने खड़ी स्कूली बस को मारी जोरदार टक्कर, 4 की मौत, 35 घायल, कन्नौज में बड़ी दुर्घटना

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बच्चों से भरी खड़ी बस को पीछे से टक्कर मार दी है। इस हादसे में चार बच्चों की जान चली गई, जबकि 35 बच्चे घायल हो गए। बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। सभी बच्चे स्कूल की तरफ से घूमने गए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे। हादसा सुबह करीब 5:45 बजे ठठिया थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर के बाद बस में बैठे बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई बच्चे अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़े -नगरीय निकायों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति पर दें विशेष ध्यान - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बाथरूम के लिए रोकी थी बस, पीछे से आया ट्रक
जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल के बच्चे आगरा और मथुरा घूमने गए थे। सोमवार को बच्चों ने ताजमहल देखा था। इसके बाद बस मंगलवार सुबह वापस कौशांबी लौट रही थी। रास्ते में सुबह करीब 5:45 बजे बच्चों को बाथरूम जाना था। इसलिए चालक ने कन्नौज में एक्सप्रेसवे के किनारे बस रोक दी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
चार बच्चों की मौत, 35 अस्पताल में भर्ती
बताया जा रहा है कि, हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 35 घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तिर्वा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, स्कूल के प्रिंसिपल और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर भेजा जा रहा है। वहीं, 22 बच्चों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। बाकी सुरक्षित बच्चों और स्कूल के स्टाफ को दूसरे वाहन से घर भेजने की व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़े -सीरीज पंचायत के पांचवें सीजन के ट्रेलर लॉन्च में बड़ा एलान, अब बड़े परदे पर दिखेगा फुलेरा गांव
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिवारों में चिंता बढ़ गई। पुलिस और प्रशासन ने परिजनों को जानकारी देना शुरू किया। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायल बच्चों से मुलाकात की और डॉक्टरों को अच्छे इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अब हादसे की वजह का पता लगा रही है।
Created On :  
