अजब गजब: नौकरी मिलने के लिए महीनों तक करवाई फ्री इंटर्नशिप, अब सोशल मीडिया पर निकला इंटर्न का दुख

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल युवा अपनी अच्छी नौकरी और तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद में स्टार्टअप कंपनियों में काम शुरू कर देते हैं। लेकिन हर जगह हालात एक जैसे नहीं होते हैं। हाल ही में एक युवक ने सोशल मीडिया पर अपनी कहानी शेयर की है, जिसने लोगों को काफी दुखी कर दिया है। उसका कहना है कि बीते 10 महीने में एक फिनटेक स्टार्टअप में वह इंटर्न के तौर पर काम कर रहा है। लंबे वक्त तक काम करने के बाद भी उसे पर्मानेंट नौकरी नहीं मिली है। उसने बताया है कि लगातार काम के दबाव की वजह से वह मेंटली और फिजिकली काफी ज्यादा परेशान हो गया है।
10 महीने से कर रहा है इंटर्नशिप
शख्स ने बताया कि उसने पढ़ाई पूरी करने के बाद एक स्टार्टअप में इंटर्नशिप शुरू की थी। कंपनी ने कहा था कि अच्छा काम करने पर उसे पर्मानेंट नौकरी मिल जाएगी। लेकिन समय पूरा होने के बाद भी उसे नौकरी नहीं मिली। हर बार उसकी इंटर्नशिप बढ़ा दी गई और उसे इंतजार करने के लिए कहा गया। युवक का कहना है कि उसे रोज 12 से 16 घंटे तक काम करना पड़ता है। कई बार शनिवार और रविवार को भी काम करना पड़ता है। वर्क फ्रॉम होम करते समय कोई तय समय नहीं होता। कई रात उसे सुबह तक जागकर काम करना पड़ता था। इससे उसकी नींद, सेहत और मेंटल पीस पर असर पड़ा।
लोगों ने दी नई नौकरी ढूंढने की सलाह
युवक ने सोशल मीडिया पर लोगों से पूछा कि क्या उसे अब दूसरी नौकरी ढूंढ़नी चाहिए। इस पर कई लोगों ने उसका साथ दिया है और उनका कहना था कि अगर कोई कंपनी लंबे समय तक मेहनत करवाने के बाद भी पर्मानेंट नौकरी नहीं दे रही है, तो दूसरी जगह कोशिश करना ज्यादा अच्छा हो सकता है।
Created On :   3 Aug 2026 7:16 PM IST















