अभिनेता रणवीर सिंह ने मुंबई पुलिस से पेशी के लिए मांगा दो सप्ताह का समय

न्यूड फोटो पोस्ट का मामला अभिनेता रणवीर सिंह ने मुंबई पुलिस से पेशी के लिए मांगा दो सप्ताह का समय

Tejinder Singh
Update: 2022-08-21 14:47 GMT
अभिनेता रणवीर सिंह ने मुंबई पुलिस से पेशी के लिए मांगा दो सप्ताह का समय

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मैग्जीन के लिए खींची गई नग्न तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में अभिनेता रणवीर सिंह ने मुंबई पुलिस से पेशी के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। मामले में सिंह के खिलाफ मुंबई के चेंबूर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने सिंह को समन भेजकर 22 अगस्त को सुबह 11 बजे बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था। लेकिन अभिनेता ने पुलिस से व्यस्तता का हवाला देते हुए पेश होने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। इससे पहले चेंबूर पुलिस की एक टीम अभिनेता के घर उन्हें समन देने पहुंची थी लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि सिंह मुंबई में नहीं हैं। सिंह को इस बात की जानकारी मिली कि पुलिस उनके घर पर आई थी तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया कि वे 16 अगस्त को मुंबई वापस लौटेंगे। इसके बाद पुलिस ने इसी दिन उन्हें समन भेजकर 22 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया। लेकिन उन्होंने पेशी के लिए और समय मांगा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नई तारीख का फैसला कर जल्द ही पूछताछ के लिए अभिनेता को फिर से समन भेजा जाएगा। बता दें कि सिंह ने 21 जुलाई को सोशल मीडिया पर अपनी नग्न तस्वीरें पोस्ट की थीं। इसके बाद कई लोगों ने इसका विरोध किया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक रणवीर ने मोटी कमाई के लिए नग्न तस्वीरें खिंचवाई। एक मैग्जीन के लिए खिंचवाई गई तस्वीरों को उन्होंने 21 जुलाई को अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से भी साझा किया। शिकायतकर्ता के मुताबिक इसके जरिए सिंह ने युवाओं को नैतिक रुप से पथभ्रष्ट करने की कोशिश की है। शिकायत में कहा गया है कि सिंह की इस हरकत ने महिलाओं को शर्मसार किया है साथ ही पूरे समाज पर इसका बुरा असर पड़ेगा। सिंह के खिलाफ एक महिला वकील और एक गैर सरकारी संगठन की ओर से शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 292, 293, 509 के साथ आईटी एक्ट की धारा 67 ए के तहत अश्लील सामग्री बेंचने, महिलाओं के मन में लज्जा उत्पन्न करने वाली हरकत करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। 

 

Tags:    

Similar News