अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट की लीज निरस्त, 21 को प्रशासन वापस लेगा कब्जा

अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट की लीज निरस्त, 21 को प्रशासन वापस लेगा कब्जा

Bhaskar Hindi
Update: 2017-08-17 04:55 GMT
अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट की लीज निरस्त, 21 को प्रशासन वापस लेगा कब्जा

डिजिटल डेस्क, कटनी। शहर के जिला अस्पताल के सामने अंजुमन इस्लामिया द्वारा ट्रस्ट की जमीन का व्यवसायिक उपयोग कर लीज शर्तों का उल्लंघन करने पर जिला मजिस्ट्रेट विशेष गढ़पाले द्वारा 30 दिन के अंदर मूल स्वरूप में वापस करने का अल्टीमेटम समाप्त हो गया है।

कलेक्टर कोर्ट के आदेश पर 4 अक्टूबर को समय सीमा खत्म होने के साथ अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट की लीज निरस्त हो गई है। अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट की लीज समाप्त होने के साथ ही जमीन को शासन के मद में दर्ज कर लिया गया है। नजूल तहसीलदार नन्हेलाल वर्मा ने बताया कि ट्रस्ट को 21 अगस्त तक कब्जा सौंपने का नोटिस दिया गया है।

किराए पर चढ़ा दी थी दुकान

अध्यक्ष अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट को प्रशासन द्वारा लीज शैक्षणिक प्रयोजन के लिए दी गई थी। ट्रस्ट द्वारा इसका उपयोग विद्यालय, प्रयोगशाला, वाहन स्टैंड, खेलकूद मैदान के लिए करना था। अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट द्वारा लीज में सरकारी जमीन हथियाने के बाद दुकानों का निर्माण कराकर इसे किराये पर उठा दिया था। इस पर कलेक्टर ने न्यायालय में प्रकरण दर्ज कर सुनवाई करते हुए आदेश पारित किया था। ट्रस्ट द्वारा जमीन का मूल स्वरूप परिवर्तित करते हुए लीज शर्तों का उल्लंघन किए जाने के आरोप प्रमाणित पाए गए हैं। इतना ही नहीं ट्रस्ट द्वारा एग्रीमेंट पर दुकानों को किराये में उठाए जाने के साक्ष्य भी प्रकरण की सुनवाई के दौरान पाए गए हैं।

नजूल तहसीलदार नन्हेलाल वर्मा ने कहा है कि कलेक्टर न्यायालय द्वारा तय की गई समय सीमा के निकलने के बाद अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट की लीज समाप्त होने के बाद भूमि को पुन: शासन के मद पर दर्ज कर लिया गया है। प्रबंधन को 21 अगस्त तक कब्जा सौंपने की नोटिस दी गई है।

Similar News