सातवें दिन भी जारी बेस्ट बस हड़ताल - बेनतीजा रही CM और उद्धव की बातचीत, कर्मचारियों के समर्थन में MNS

सातवें दिन भी जारी बेस्ट बस हड़ताल - बेनतीजा रही CM और उद्धव की बातचीत, कर्मचारियों के समर्थन में MNS

Tejinder Singh
Update: 2019-01-14 15:25 GMT
सातवें दिन भी जारी बेस्ट बस हड़ताल - बेनतीजा रही CM और उद्धव की बातचीत, कर्मचारियों के समर्थन में MNS

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की सार्वजनिक परिवहन सेवा बेस्ट की बसे सातवें दिन भी सड़कों पर नहीं चल सकी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बांबे हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बावजूद सोमवार को भी बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही। इस बारे में मंगलवार को अदालत फैसला सुना सकती है। मुंबई की दूसरी जीवनरेखा कही जाने वाली बेस्ट उपक्रम की लाल बसों का सातवें दिन भी चक्का जाम रहा। सोमवार को मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बेस्ट हड़ताल को लेकर शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से बात की। वहीं, बांबे हाईकोर्ट ने भी हड़तालियों से निपटने में अक्षम होने पर सरकार और प्रशासन को फटकार लगाई है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने मुंबई में जारी ‘बेस्ट’ बस हड़ताल के मामले में हस्तक्षेप किया और समाधान ढूंढने के लिए शिवसेना अध्य़क्ष उद्धव ठाकरे से बातचीत की। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (बेस्ट) के 32,000 से अधिक कर्मचारी पिछले सप्ताह मंगलवार से हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण बेस्ट की 3337 बसें डिपो में ही खड़ी हैं।

हड़ताल कर रहे बेस्ट यूनियन के नेताओं और राज्य के मुख्य सचिव डी के जैन के बीच बातचीत विफल रहने और सोमवार को मंत्रालय में हुई एक बैठक के बाद फडणवीस और ठाकरे के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई। इस बातचीत का ब्यौरा तत्काल नहीं मिल पाया है। शिवसेना से संबद्ध यूनियन बेस्ट कामगार सेना हड़ताल से अलग हो गई है। इसके बावजूद शिवसेना हड़ताल समाप्त करने में असफल रही है। मुंबई मनपा (बीएमसी) में शिवसेना सत्ताधारी पार्टी है और उसके नगसवेक बेस्ट के अध्यक्ष हैं। हड़ताली कर्मचारी बीएमसी और बेस्ट बजट के विलय और अन्य मुद्दों के साथ-साथ वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। रविवार की शाम को ठाकरे ने कहा था कि उनकी पार्टी बीएमसी और बेस्ट के बजट को मिलने के पक्ष में है।

सीएम से मिलने पहुंचे राज ठाकरे 
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे सोमवार को मुख्यमंत्री आवास वर्षा पर पहुंचे। उन्होंने बेस्ट हड़ताल के संबंध में मुख्यमंत्री से बात की लेकिन, यह वार्ता महज पांच मिनट ही चली। सूत्रों के अनुसार राज अपनी पत्नी के साथ फडणवीस को अपने बेटे के विवाह का आमंत्रण देने गए थे। इसलिए उन्होंने हड़ताल को लेकर भी चर्चा की। दूसरी ओर हड़ताली बेस्ट कर्मचारियों को समर्थन देने के लिए मनसे कार्यकर्ताओं ने मेट्रोरेल व कोस्टल रोड का काम जबरन बंद करा दिया और नई मुंबई मनपा की बस सेवा एनएमएमटी की बसों में सवार लोगों को जबरन बाहर निकाला।  
 

Similar News