अब ऑनलाइन दिखेंगे महाराष्ट्र विधानसभा में पेश होने वाले विधेयक

अब ऑनलाइन दिखेंगे महाराष्ट्र विधानसभा में पेश होने वाले विधेयक

Tejinder Singh
Update: 2017-11-22 15:06 GMT
अब ऑनलाइन दिखेंगे महाराष्ट्र विधानसभा में पेश होने वाले विधेयक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा में पेश होने वाले विधेयकों को अब ऑनलाइन देखा जा सकेगा। विधानमंडल सचिवालय ने इसके लिए एक सॉफ्टवेयर तैयार किया है। दिसंबर महीने में होने वाले नागपुर के शीतकालीन सत्र में विधानमंडल सचिवालय की तरफ से राज्य सरकार के विधि - न्याय विभाग के अधिकारियों के सामने प्रजनटेशन दिया जाएगा। सरकार की सहमति के बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

पेपरलैस होगा कामकाज

बुधवार को विधानमंडल सचिवालय के एक अधिकारी ने जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया प्रोग्राम के तहत धीरे-धीरे पेपरलैस कामकाज की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। विधानमंडल सत्र के दौरान दोनों सदनों में पूछे जाने वाले विधायकों के सवाल अब पूरी तरह से ऑनलाइन लिए जाते हैं। इसके अलावा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और दूसरे नियमों के तहत उठाए जाने वाले मुद्दों के लिए भी विधायकों को ऑनलाइन जानकारी देनी पड़ती है। आने वाले समय में दोनों सदनों में पेश किए जाने वाले विधेयकों को भी ऑनलाइन देखा जा सकेगा। इसके लिए विधानमंडल की तरफ से सॉफ्टवेयर बनाया गया है। विधेयकों को बनाने से लेकर प्रिटिंग करने तक की जिम्मेदारी सरकार के विधि - न्याय विभाग के पास होती है, इसलिए विभाग की सहमति के बिना ऑनलाइन प्रक्रिया को लागू नहीं किया जा सकता। इसलिए विभाग की मंजूरी के बाद इसको लागू किया जाएगा। 

नागपुर में लैपटॉप पर होगा सदन का कामकाज 

नागपुर के शीतकालीन सत्र में पहली बार विधान परिषद के सदस्य सदन का कामकाज लैपटॉप पर करते नजर आएंगे। जबकि विधान सभा के सदस्यों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। विधान सभा के लिए अब तक लैपटॉप खरीदा नहीं गया है। इससे जुड़ी फाइल वित्त विभाग के पास है। विधान परिषद सदन में सभी सदस्यों व मंत्रियों के आसान के सामने एक-एक लैपटॉप रखा हुआ नजर आएगा। मुंबई होने वाले विधानमंडल सत्र के दौरान विधान परिषद के सदस्य साल 2016 के बजट सत्र, जीएसटी के विशेष सत्र और मानसून सत्र में लैपटॉप का इस्तेमाल कर चुके हैं। जानकारी के अनुसार विधान परिषद में लगभग 70 प्रतिशत सदस्य लैपटॉप का इस्तेमाल करते हैं। 
 

Similar News