एनसीपी विधायक विद्या चव्हाण के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन

एनसीपी विधायक विद्या चव्हाण के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन

Tejinder Singh
Update: 2020-03-03 15:03 GMT
एनसीपी विधायक विद्या चव्हाण के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राकांपा विधायक विद्या चव्हाण के खिलाफ बहू के उत्पीड़न के आरोप में आपराधिक मामला दर्ज किए जाने पर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष माधवी नाईक ने चव्हाण के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि चव्हाण के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया गया हैं। जिसका संज्ञान लेकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा की तरफ से चव्हाण के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नाईक ने कहा कि महिलाओं के हित के लिए लड़ने का दावा करनेवाली चव्हाण का अब असली चेहरा सामने आया हैं। उन्होंने कहा कि चव्हाण के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले का मुख्यंतमंत्री व गृहमंत्री को संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। क्योंकि विधायक चव्हाण के अशोभनीय आचारण के कारण विधानमंडल की साख व प्रतिष्ठा  को ठेस लगी हैं। इसलिए चव्हाण को विधायक पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी दुख की घड़ी में चव्हाण की बहू के साथ खड़े हैं और उन्हें हर संभव अपना सहयोग  व समर्थन प्रदान करेंगे।  

बहु के थे विवाहेत्तर संबंधःचव्हाण

अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए राकांपा विधायक विद्या चव्हाण ने कहा कि दरअसल मेरी बहु के किसी अन्य से संबंध थे। उनके मोबाईल की चैटिंग से यह बात सामने आई थी। मेरे बेटे ने इस संबंध में सारे सबूत जुटाने के बाद हमें इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा महिलाओं की लड़ाई लड़ी है लेकिन कभी-कभी कानून का दुरुपयोग भी हो सकती है। इस मामले में मेरी कानूनी लड़ाई जारी रहेगी। 

Tags:    

Similar News