स्टेशन पर महिला रेल कर्मियों के चेंजिंग रूम पर CCTV कैमरे की नजर, मचा बवाल

स्टेशन पर महिला रेल कर्मियों के चेंजिंग रूम पर CCTV कैमरे की नजर, मचा बवाल

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-11 14:36 GMT
स्टेशन पर महिला रेल कर्मियों के चेंजिंग रूम पर CCTV कैमरे की नजर, मचा बवाल

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। रेलवे हॉस्पिटल में महिला वार्ड के बाथरूम के सामने CCTV कैमरे से मचा हंगामा शांत ही हुआ था कि अब जबलपुर स्टेशन पर महिला बुकिंग कर्मियों के चेंजिंग रूम की गतिविधियां CCTV कैमरे से कैद किये जाने से नया बखेड़ा खड़ा हो गया है। रेलवे अधिकारियों पर मनमानी का आरोप वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ की महिला विंग ने लगाया है।

महिलाओं की गतिविधियां कैमरे में कैद
स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 6 कि और स्थित बुकिंग ऑफिस (टिकट घर) में कई महिला बुकिंग कर्मियों की भी तैनाती की गई है। यहां महिला कर्मचारियों के लिए चेंजिंग रूम भी बनाया गया है। महिला कर्मियों द्वारा घर से ड्यूटी पर आकर चेंजिंग रूम का उपयोग किया जाता है। बुकिंग ऑफिस में रेल प्रशासन द्वारा CCTV कैमरे लगाए गए हैं, ताकि टिकट दे रहे बुकिंग कर्मियों और यात्रियों पर नजर रखी जा सके, लेकिन कैमरे को इस तरह से सैट किया गया है, जिससे महिला चेंजिंग रूम के भीतर की गतिविधियां भी कैमरे में कैद हो रही हैं। CCTV कैमरे में महिला चेंजिंग रूम की गतिविधियां कैद होने की जानकारी सामने आते ही महिला कर्मचारियों ने सीबीएस से इसकी शिकायत की, लेकिन उनके द्वारा कुछ नहीं किया गया।

फुटेज हुए कैद
आज सोमवार को महिला बुकिंग रेल कर्मचारियों ने देखा कि CCTV कैमरा अब भी उनके चेंजिंग रूम में नजरें गड़ाए है और फुटेज कैद हो रही हैं तो उनमें आक्रोश व्याप्त हो गया। महिला रेल कर्मियों ने जबलपुर डिवीजन के सीनियर डीसीएम आनंद कुमार से इस मामले की लिखित शिकायत की है।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग
वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ की महिला विंग की महामंत्री सविता त्रिपाठी ने इस मामले में घोर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि कैमरे को आपत्तिजनक स्थान से तत्काल हटाया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। महिला विंग की सविता त्रिपाठी का कहना है कि रेलवे के अधिकारियों की सहमति के बिना कर्मचारी ऐसा नहीं कर सकते हैं। इस मामले की तत्काल जांच की जाए और जो भी दोषी पाया जाता है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Similar News