इन बच्चों पर नहीं चलेगा 'ब्लू व्हेल गेम' का काला जादू

इन बच्चों पर नहीं चलेगा 'ब्लू व्हेल गेम' का काला जादू

Bhaskar Hindi
Update: 2017-08-05 14:46 GMT
इन बच्चों पर नहीं चलेगा 'ब्लू व्हेल गेम' का काला जादू

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दुनियाभर में करीब 130 से अधिक बच्चों की जान लेने वाला "ब्लू व्हेल गेम" मुंबई के एक 14 वर्षीय बच्चे की भी जान ले चुका है। लेकिन फिर भी इस गेम का काला जादू यहां माटूंगा के इन स्कूली बच्चों पर नहीं चलने वाला है।  इस गेम के खिलाफ अधिकाशं स्कूली बच्चे सड़क पर उतर आए हैं। पिछले दिनों महाराष्ट्र विधान भवन में भी इसके खिलाफ आवाज उठी थी।

शनिवार को माटुंगा में श्री दयानंद बालिका-बालक विद्यालय व जूनियर कॉलेज से माहेश्वरी उद्यान, फाइव गार्डन, शिवाजी विद्यालय, पोद्दार कॉलेज से दयानंद कॉलेज तक जागरूकता रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। हाथ में तख्तियां लिए ये ब्लू व्हेल गेम का विरोध कर रहे थे। ब्लू व्हेल गेम के बारे में सुमित सिंह ने कहा कि वास्तव में यह ऑनलाइन गेम बच्चों के लिए खतरनाक है।

अमिताभ बच्चन ने किया ट्विट

महानायक अमिताभ बच्चन ने भी  "द ब्लू व्हेल" पर चिंता प्रकट की है। बच्चन ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए अपने ट्विटर पर लिखा, "भयानक खबर पढ़ी, इंटरनेट पर युवा एक डरावना खेल खेल रहे हैं। जिंदगी जीने के लिए होती है, न कि समय आने से पहले गंवाने के लिए।"

14 साल के मनप्रीत ने दी अपनी जान

गौरतलब है कि बीते 30 जुलाई को मुंबई के अंधेरी ईस्ट की शेर-ए-पंजाब कालोनी में 14 साल के मनप्रीत सिंह साहनी ने 5 मंजिला इमारत से कूदकर जान दे दी। आशंका जताई जा रही है कि उसने "ब्लू व्हेल " गेम का टास्क पूरा करने के लिए यह कदम उठाया। उसने 9वीं कक्षा में पढ़ रहे छात्र अपने दोस्त को संदेश भेजा था, "मैं बिल्डिंग से कूद रहा हूं।" इस गेम की वजह से दुनियाभर में सैकड़ों लोगों की जान गई है।

किसने बनाया यह खतरनाक गेम?

इस गेम को रूस के साइबेरिया प्रांत के एक व्यक्ति ने ईजाद किया है। फिलिप बुदेकिन नाम के 22 साल के लड़के ने ब्लू व्हेल चैलेंज की शुरुआत की। फिलहाल वह रूस के युवाओं को मरने के लिए प्रोत्साहित करने के जुर्म में सज़ा काट रहा है।

Similar News