महाराष्ट्र में SOP निश्चित होने के बाद शुरू होंगे सिनेमा घर, उद्धव बोले - बॉलीवुड को बदनाम करना ठीक नहीं

महाराष्ट्र में SOP निश्चित होने के बाद शुरू होंगे सिनेमा घर, उद्धव बोले - बॉलीवुड को बदनाम करना ठीक नहीं

Tejinder Singh
Update: 2020-10-15 13:08 GMT
महाराष्ट्र में SOP निश्चित होने के बाद शुरू होंगे सिनेमा घर, उद्धव बोले - बॉलीवुड को बदनाम करना ठीक नहीं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रदेश में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) निश्चित करने के बाद सिनेमा घर शुरू करने का विचार है। उन्होंने कहा कि राज्य में सिनेमा घर शुरू करने के लिए सांस्कृतिक कार्य विभाग एसओपी तैयार कर रहा है। एसओपी निश्चित होने के बाद सिनेमा घर को शुरू करने के बारे में विचार किया जाएगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल मालिकों के साथ सिनेमा घर शुरू करने को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की।  उन्होंने कहा कि सिनेमा घर में आसन क्षमता का केवल 50 प्रतिशत इस्तेमाल करना जरूरी है। एसओपी का पालन, स्वच्छता, सुरक्षा, दर्शकों को मास्क लगाने, सैनिटाइज करने और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करना जरूरी है।

सिनेमा घर खोलने का यही सही समय

प्रदेश के सांस्कृतिक कार्य मंत्री अमित देशमुख ने कहा कि दशहरा, दिवाली जैसे त्यौहार के मौके पर नई फिल्में प्रदर्शित होती हैं। सिनेमा घर शुरू करने की अनुमति दिए जाने के बाद दर्शकों की सुरक्षा और स्वच्छता का ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता होगी।

बॉलीवुड को बदनाम करना ठीक नहीं : उद्धव ठाकरे

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले के बाद से दो हिस्सों में बंटे बॉलीवुड और उसकी बदनामी को लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पहली बार बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉलीवुड की बदनामी अत्यंत वेदनादायक है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड को खत्म करने अथवा बॉलीवुड को कहीं और ले जाने के लिए जो प्रयास चल रहा है, उसको कभी सहन नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉलीवुड सिनेमा के कारण अपने दम पर लोकप्रिय बनते हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से एक विशेष वर्ग द्वारा बॉलीवुड को बदनाम किया जा रहा है। यह ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई महाराष्ट्र की केवल आर्थिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक राजधानी के रूप में भी पहचानी जाती है। हॉलीवुड सिनेमा के स्तर का सिनेमा बॉलीवुड में बन रहा है। बॉलीवुड सिनेमा को चाहने वाले विश्वभर में हैं। सिनेमा जगत एक बड़ा मनोरंजन उद्योग है। इस क्षेत्र के कारण अनेक लोगों को रोजगार मिलता है। इससे पहले अभिनेता सुशांत की मौत के बाद अभिनेत्री कंगना रनौत ने बॉलीवुड के एक तबके पर ड्रग के इस्तेमाल, भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देने और उत्पीड़न का आरोप लगया था। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में फिल्म सिटी के निर्माण की घोषणा की थी।  

Tags:    

Similar News