ठंड से ठिठुरन : दिन भर चुभती रही हवा, अब बदल सकती हैं दिशा

ठंड से ठिठुरन : दिन भर चुभती रही हवा, अब बदल सकती हैं दिशा

Tejinder Singh
Update: 2019-12-27 16:40 GMT
ठंड से ठिठुरन : दिन भर चुभती रही हवा, अब बदल सकती हैं दिशा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अन्य दिशाओं की तुलना उत्तरी हवा ज्यादा ठंडी होती है। शुक्रवार को दिन भर उत्तरी हवा चलने से शहरवासी कांपते रहे। अच्छी धूप निकलने के बावजूद उत्तर से आ रही हवा लोगों को चुभ रही थी। कई लोग इसे ही शीतलहर समझ बैठे। 24 घंटे में दिन के तापमान में 3 डिग्री से ज्यादा का इजाफा हुआ और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से कम हुआ है। शनिवार को हवा की दिशा बदलने की संभावना है।

दिन का तापमान बढ़ने से ठंड से मिलेगी थोड़ी राहत 

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन भर विदर्भ में उत्तरी हवा जारी रही। उत्तरी हवा चूंकि ठंडी होती है, इसलिए ठंडी हवा चुभने का एहसास होता रहा। अच्छी धूप खिलने के बावजूद ठंडी से लोगों को राहत नहीं मिली। उत्तर भारत में हुई बर्फबारी के कारण नागपुर समेत विदर्भ में उत्तरी हवा का जोर है। ठंडी हवा से लोग दिन में भी कंपकपा रहे थे। दिन भर गर्म कपड़े पहने दिखाई दिए। ठंडी भगाने के लिए अलाव का सहारा लिया गया। 

शनिवार को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। शनिवार को दिन का तापमान 2 डिग्री तक बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री तक कम हो सकता है। धूप अच्छी खिलने के आसार है। हवा की दिशा बदलने की संभावना है। हवा की दिशा उत्तर पूर्वी व पश्चिमी हो सकती है। यह हवा चुभती कम है। इसलिए ठंड कम महसूस होगी। बारिश होने की संभावना नहीं है। सुबह कोहरे जैसी स्थिति रह सकती है। 
 

Tags:    

Similar News