आदित्य की अध्यक्षता में बनी पद्म पुरस्कारों के लिए समिति, विपक्ष ने उठाया सवाल 

आदित्य की अध्यक्षता में बनी पद्म पुरस्कारों के लिए समिति, विपक्ष ने उठाया सवाल 

Anita Peddulwar
Update: 2020-08-12 12:03 GMT
आदित्य की अध्यक्षता में बनी पद्म पुरस्कारों के लिए समिति, विपक्ष ने उठाया सवाल 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार ने पद्म पुरस्कार-2021 के लिए केंद्र सरकार से नामों की सिफारिश करने के लिए राजशिष्टाचार मंत्री आदित्य ठाकरे की अध्यक्षता में समिति गठित की है। सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। यह समिति सरकार को विभिन्न माध्यमों से प्राप्त प्रस्तावों पर छानबीन कर पद्म पुरस्कार के लिए योग्य मान्यवरों के नामों की सिफारिश केंद्र सरकार से करेगी। इस समिति में सदस्य के रूप में राज्य के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई, पशुसंवर्धन मंत्री सुनील केदार, चिकित्सा शिक्षा मंत्री अमित देशमुख, उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री उदय सामंत, सामाजिक न्याय व विशेष सहायता मंत्री धनंजय मुंडे, राजशिष्टाचार राज्य मंत्री आदिती तटकरे, पीडब्लूडी राज्य मंत्री दत्तात्रय भरणे शामिल किए गए हैं। राज्य के प्रधान सचिव तथा मुख्य राजशिष्टाचार अधिकारी समिति के सदस्य सचिव होंगे। केंद्र सरकार ने अलग-अलग क्षेत्रों में अत्युत्कृष्ट काम करने वाले मान्यवरों की पद्म पुरस्कारों के लिए सिफारिश करने को कहा है। यह पद्म पुरस्कार 26 जनवरी 2021 को घोषित किए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने आदित्य की अध्यक्षता में समिति बनाई है। 

विपक्ष ने उठाया सवाल 

विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर ने साल 2021 के पद्म पुरस्कारों के लिए केंद्र सरकार को नामों की सिफारिश के लिए राजशिष्टाचार मंत्री आदित्य ठाकरे की अध्यक्षता में समिति गठित करने का विरोध किया है। दरेकर ने कहा कि अनुभवहीन मंत्री आदित्य की अध्यक्षता में इतने बड़े पुरस्कार की सिफारिश करने के लिए समिति बनाना उचित नहीं है। आदित्य का अदालत में एक मामले में उल्लेख हुआ है। इसके बावजूद जल्दबाजी में उनकी अध्यक्षता में समिति बनाई है। दरेकर ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल में कई अनुभवी और बुजुर्ग मंत्री होने के बाद भी आदित्य को समिति का अध्यक्ष बनाया जाना ठीक नहीं है। 
 

 

Tags:    

Similar News