300 सीटों पर जीत की रणनीति पर चर्चा करेगी कांग्रेस, मोदी-शाह की नीतियों के विरोध में लाएंगे प्रस्ताव

300 सीटों पर जीत की रणनीति पर चर्चा करेगी कांग्रेस, मोदी-शाह की नीतियों के विरोध में लाएंगे प्रस्ताव

Tejinder Singh
Update: 2018-09-26 16:12 GMT
300 सीटों पर जीत की रणनीति पर चर्चा करेगी कांग्रेस, मोदी-शाह की नीतियों के विरोध में लाएंगे प्रस्ताव

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सेवाग्राम में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी पर केंद्रित रहेगी। एक तरह से इस बैठक के साथ ही कांग्रेस देश भर में चुनावी कार्यक्रमों की शुरुआत करेगी। लोकसभा की 300 सीटों पर जीत की रणनीति पर प्रमुखता से चर्चा होगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपाध्यक्ष अमित शाह की नीतियों के विरोध में प्रस्ताव काे मंजूरी दी जाएगी। रणनीति के तहत इस बैठक के बाद कांग्रेस हिंसा व सम्मान के विषय को लेकर सभाएं लेगी, प्रदर्शन करेगी। हालांकि फिलहाल इस संबंध में खुले तौर पर कांग्रेस ने कुछ भी नहीं कहा है। लेकिन कांग्रेस की रणनीति मामले में जुड़े एक पदाधिकारी के अनुसार सेवाग्राम की बैठक के बाद मोदी-भाजपा विराेधी नेताओं व दलों को जोड़ने के व्यापक अभियान में कांग्रेस जुट जाएगी। सेवाग्राम में कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी पहली बाद दिल्ली से बाहर यह बैठक ले रहे हैं। 

इससे पहले एक बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारी के संबंध में व्यापक चर्चा हुई थी। कार्यसमिति सदस्य व पूर्व केंद्रीय मंत्री पी.चिदंबरम ने चुनाव रणनीति पर प्रस्ताव भी रखा था। उस प्रस्ताव के तहत कांग्रेस लोकसभा की 300 सीट जीतने की रणनीति पर काम कर रही है। कांग्रेस को लगता है कि 12 राज्यों में उसकी स्थिति मजबूत हैं। 150 सीटें आसानी से जीती जा सकती है। भाजपा व मोदी िवरोधियों से गठबंधन करके 300 सीटों पर जीत के लक्ष्य को पाया जा सकता है। बताया जाता है कि भाजपा व मोदी विरोधी रणनीतिक गठबंधन का नेतृत्व राहुल गांधी से करने को कहा गया है। इस संबंध में निर्णायक चर्चा को सेवाग्राम की बैठक में पूरा किया जा सकता है। कांग्रेस में एक समिति ऐसी भी है जो केवल मोदी व शाह की नीतियों के विरोध में काम कर रही है। मोदी व शाह की राजनीति से देश की राजनीति व समाज पर प्रभाव का एक तरह से वह समिति अध्ययन कर रही है। उस समिति के अध्ययनपूर्ण प्रस्ताव को भी सेवाग्राम की बैठक में मंजूर किया जा सकता है।

हो सकती है विस्तारित समिति की बैठक

कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित समिति की बैठक भी हो सकती है। ऐसा हुआ तो कांग्रेस नेतृत्व की राज्य सरकार के मुख्यमंत्रियों के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रमुख पदाधिकारियों को इस बैठक में शामिल होने का मौका मिल सकता है। फिलहाल कांग्रेस कार्यसमिति में 51 सदस्य हैं। राज्य से अविनाश पांडे, मुकुल वासनिक व बालासाहब थोरात समिति में शामिल हैं। आघाड़ी अध्यक्ष के नाते नितीन राऊत व नाना पटोले भी कार्यसमिति की बैठक में शामिल रहेंगे। विस्तारित समिति की बैठक हुई तो बैठक में शामिल सदस्याें की संख्या 150 तक पहुंच सकती है। 

Similar News