बारिश में निकली कांग्रेस की साइकिल रैली, महंगाई को लेकर केन्द्र का जोरदार विरोध नागपुर से शुरु

बारिश में निकली कांग्रेस की साइकिल रैली, महंगाई को लेकर केन्द्र का जोरदार विरोध नागपुर से शुरु

Tejinder Singh
Update: 2021-07-08 15:21 GMT
बारिश में निकली कांग्रेस की साइकिल रैली, महंगाई को लेकर केन्द्र का जोरदार विरोध नागपुर से शुरु

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महंगाई के विषय को लेकर केंद्र सरकार के विरोध में कांग्रेस ने रैली निकाली। गुरुवार को सुबह से ही बारिश थी। भारी बारिश में भीगते हुए कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने साइकिल चलाई। पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों का निषेध किया। कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर रैली का आयोजन किया था। शहर में रैली का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने किया। पशु संवर्धन मंत्री सुनील केदार, कांग्रेस के प्रदेश कार्याध्यक्ष चंद्रकांत हंडोरे, शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे, जिला अध्यक्ष राजेंद्र मुलक प्रमुखता से शामिल थे। संविधान चौक से साइकिल रैली निकली। बारिश इतनी थी कि रास्ते पर चलना कठिन हो रहा था। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने बारिश में भीगते हुए रैली निकाली। संविधान चौक से विभागीय आयुक्त कार्यालय तक कांग्रेसमय वातावरण नजर आ रहा था। कई कार्यकर्ता घर से छाता व रेनकोट लेकर आए थे। कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा। जोरदार नारेबाजी की गई। भाजपा सरकार हाय हाय, पेट्रोल डीजल के दाम कम करो, मोदी सरकार होश में आओ जैसे नारे गूंजते रहे। कार्यकर्ता साइकिल पर पार्टी का झंडा लेकर पहुंच रहे थे। हाथों में मांगों के फलक लगे थे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पटोले व मंत्री केदार ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। बाद में कांग्रेस के शिष्टमंडल ने विभागीय आयुक्त प्राजक्ता लवंगारे वर्मा को ज्ञापन सौंपा। 

महिला मोर्चा

शुक्रवार को सुबह 11 बजे कांग्रेस महिला इकाई की शहर अध्यक्ष प्रज्ञा बडवाइक के नेतृत्व में मोर्चा निकलेगा। जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की जाएगी।

पालकमंत्री नहीं हुए शामिल

पालकमंत्री नितीन राऊत इस रैली में शामिल नहीं हुए। जिला प्रशासन के पालक के तौर पर वे बारिश को लेकर स्थिति का जायजा लेते रहे। उन्होंने मनपा में पहुंचकर स्थिति नियंत्रण कार्य की समीक्षा की। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों का भी जायजा लिया। राऊत व प्रदेश अध्यक्ष पटोले के बीच पद पावर को लेकर स्पर्धा चर्चा में है। कहा जाता रहा है कि राऊत को ऊर्जामंत्री पद से हटाने के लिए कांग्रेस का ही एक गुट बार बार चर्चा को बल दे रहा है। खनिज महामंडल को लेकर पटोले ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखा एक पत्र भी काफी चर्चा में रहा है। ऐसे में सवाल बना हुए था कि पटोले के साथ राऊत रैली में शामिल होंगे या नहीं।

मंत्रियों से इस्तीफा क्यों लेते हो, प्रधानमंत्री इस्तीफा क्यों नहीं देते हैं

केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार व कुछ मंत्रियों के इस्तीफे के विषय को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पटोले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा-किसान, बेरोजगार, कोरोना की स्थिति को सुलझाने में केंद्र सरकार असफल रही है। मंत्रियों के इस्तीफे क्यों लेते हो, प्रधानमंत्री इस्तीफा क्यों नहीं देते हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल से 12 मंत्री हटाए गए हैं उनमें महाराष्ट्र से प्रकाश जावडेकर, संजय धोत्रे शामिल हैं। पटोले ने यह भी कहा कि केंद्र में मंत्रियों के पास कोई काम नहीं रह गया है। चाहकर भी मंत्री काम नहीं कर पाएंगे। सारा काम पीएमओ करता है। नारायण राणे भले ही मंत्री बने है पर उन्हें जल्द समझ आएगा कि केंद्र में मंत्री काम ही नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे के किसी मंत्री का रिपोर्ट कार्ड कैसे तैयार हो सकता है। केवल प्रधानमंत्री का आदेश चलता है। ईंधन व खाद्य तेल सहित जीवनावश्यक वस्तुओं के भाव बढ़े है। सामान्य जन का जीना कठिन हो रहा है। मोदी सरकार ने 7 वर्ष में ईंधन कर से 22 लाख करोड रुपये की नफाखोरी की है। केंद्र सरकार के विरोध में 10 दिन आंदोलन चलेगा।
 

Tags:    

Similar News