वनस्पति घी पर हो नियंत्रण-गडकरी ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, रेशम मास्क उपहार बॉक्स का भी शुभारंभ

वनस्पति घी पर हो नियंत्रण-गडकरी ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, रेशम मास्क उपहार बॉक्स का भी शुभारंभ

Tejinder Singh
Update: 2020-08-02 09:17 GMT
वनस्पति घी पर हो नियंत्रण-गडकरी ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, रेशम मास्क उपहार बॉक्स का भी शुभारंभ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। खाद्य पदार्थाें में वनस्पति घी के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए उस पर सरकार से नियंत्रण की मांग केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। वनस्पति घी अर्थात मार्गारिन के बजाय दूध संकलन केंद्रों से तैयार किए जा रहे घी के अधिक इस्तेमाल का निवेदन किया। प्रधानमंत्री ने पत्र की दखल लेते हुए फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथाॅरिटी ऑफ इंडिया से इस बारे में खुलासा करने का निर्देश दिया है। गडकरी के पत्र पर एफएसएसआई अर्थात खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने जानकारी दी है। एफएसएसआई के अनुसार बेकरी व वनस्पति घी तैयार करने वाली कंपनियों को घी में 5 प्रतिशत से अधिक वनस्पति घी नहीं मिलाने के निर्देश दिए हैं। 2021 तक यह प्रमाण 3 प्रतिशत व 2022 तक 2 प्रतिशत किया जाएगा। खाद्य पदार्थों के लेबल व पैकिंग पर ट्रांसफैट की मात्रा  का उल्लेख करना बंधनकारक होगा। वनस्पति घी से बने खाद्य पदार्थों पर उल्लेख होगा कि यह डेयरी उत्पाद नहीं है। इनके लिए अलग से लोगो दिए जाएंगे। 

केन्द्रीय मंत्री गडकरी के हाथों हुआ शुभारंभ

इससे पहले नई दिल्ली में खादी रेशम फेस मास्क अब लोकल से ग्लोबल बनने जा रहा है। केवीआईसी ने विदेशों में रह रही एक बड़ी भारतीय आबादी की मांग को पूरा करने और खास तौर पर अपनों को उपहार में देने के उद्देश से खादी रेशम फेस मास्क विकसित किया है। केन्द्रीय एमएसएमई मंत्री नितिन गडकरी ने केवीआईसी द्वारा विकसित इस रेशम मास्क उपहार बॉक्स का शुभारंभ किया। केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने उपहार बॉक्स की सराहना करते हुए कहा कि यह सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ त्योहारों का जश्न मनाने का एक उपयुक्त उत्पाद हैं। उन्होंने केवीआईसी की मास्क बनाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे कारीगरों को कोरोना महामारी के सबसे कठिन समय के दौरान स्थायी आजीविका मिलती है। केवीआईसी के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि उपहार बॉक्स लॉन्च करने के पीछे का विचार विदेशी बाजार और त्योहारों के मौसम के दौरान अपने प्रियजनों के लिए उचित मूल्य के उपहारों की तलाश कर रहे एक बड़ी भारतीय आबादी की मांग को पूरा करना है। उपहार बॉक्स में विभिन्न रंगों और प्रिंटों में चार दस्तकारी रेशम के मास्क होते है। इस बॉक्स की कीमत 500 रुपये प्रति बॉक्स है। इसमें सौ फीसदी खादी सूती कपड़े की दो आंतरिक परते और रेशम कपड़े की एक शीर्ष परत है। फिलहाल यह दिल्ली-एनसीआर में केवीआईसी के सभी आउटलेट्स पर उपलब्ध है।

 

Tags:    

Similar News