हत्या कर खेत में फेका था शव, पुलिस समझ रही थी करंट से हुई मौत

हत्या कर खेत में फेका था शव, पुलिस समझ रही थी करंट से हुई मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2019-08-23 07:25 GMT
हत्या कर खेत में फेका था शव, पुलिस समझ रही थी करंट से हुई मौत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बेलखेड़ा क्षेत्र के बिहारीपुरा ग्राम के खेत में एक व्यक्ति  की संदेहात्मक परिस्थिति में मिली लाश के बारे में पुलिस यह मान रही थी कि 45 साल के भगवान सिंह लोधी  की मौत करंट लगने से हुई है, लेकिन पीएम रिपोर्ट ने पूरा मामला साफ कर दिया। भगवान सिंह  की मौत वास्तव में हादसा नहीं, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। इस मामले में अब पुलिस ने भगवान सिंह की हत्या के मामले में संदेहियों से पूछताछ कर हत्या की वजह जानने की कोशिश शुरू कर दी है। 

साथी पर संदेह

इस मामले में पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि पिछले माह 27 जुलाई को भगवान सिंह के साले लक्ष्मण सिंह लोधी ने जानकारी दी थी कि उसके जीजा भगवान सिंह जो कि मैली ग्राम के निवासी हैं उनकी लाश मदन सिंह के खेत के पास मिली है।  उनकी मोटर साइकिल गायब है। लाश ट्रांसफॉर्मर के पास मिलने के कारण और शरीर पर जलने के निशान मिलने के कारण यह संभावना व्यक्त की गई थी कि करंट लगने से भगवान सिंह की मौत हुई है। जांच में यह पता चला है कि भगवान सिंह के साथ एक व्यक्ति  भोला भी था, जो  बाइक पर ससुराल गया था। दूसरे दिन भगवान सिंह की लाश ससुराल के पास ही गाँव में खेत के किनारे मिली थी। उसका साथी गायब था और बाइक भी नहीं मिली थी और दूसरे दिन भोला बड़े ही नाटकीय अंदाज में प्रगट हुआ था। उसने बयान दिया था कि भगवान सिंह की मौत करंट लग जाने के कारण हुई है। भगवान सिंह के परिजनों ने इस बात की आशंका व्यक्त की थी कि उसकी हत्या की गई है। इस मामले में उनकी ओर से ससुराल वालों पर शक व्यक्त किया गया था। इस मामले की प्रारंभिक जाँच में पुलिस को भी यही लगा  था कि भगवान सिंह की मौत करंट से हो सकती है। जब इस मामले में पीएम रिपोर्ट आई तो यह मामला हत्या का निकला। 

हत्या की कड़ियां जोड़ने का प्रयास 

अब पुलिस एक बार फिर से हत्या से जुड़ीं सभी कड़ियों को जोड़ने के लिए भोला समेत भगवान सिंह के ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि कई संदेहियों को पकड़ा गया है और उनसे पूछताछ में हत्या से संबंधित साक्ष्य बटोरने का प्रयास किया जा रहा है। 
 

Tags:    

Similar News