पत्नी के चरित्र पर संदेह कर जिंदा जलाने का प्रयास - वारदात के बाद पति फरार 

पत्नी के चरित्र पर संदेह कर जिंदा जलाने का प्रयास - वारदात के बाद पति फरार 

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-07 09:12 GMT
पत्नी के चरित्र पर संदेह कर जिंदा जलाने का प्रयास - वारदात के बाद पति फरार 

डिजिटल डेस्क जबलपुर । हनुमानताल थाना क्षेत्र स्थित बाबा टोला निवासी 19 वर्षीय महिला के चरित्र पर संदेह जताते हुए उसके पति ने आधी रात को विवाद किया और विवाद बढऩे पर पति ने पत्नी के ऊपर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा दी। आग लगने से गंभीर रूप से झुलसी महिला को उसके परिजन तत्काल विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुँचे। घटना की सूचना पर पुलिस ने अग्निदग्धा के बयान दर्ज कर फरार आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है। 
बहिन ने बचाया
अस्पताल की सूचना पर पहुँची पुलिस को अग्निदग्धा बाबा टोला निवासी श्रीमती रेशमा बानो उम्र 19 वर्ष ने अपने बयान में बताया कि उसका पति अज्जू उर्फ अख्तर खान उसके चरित्र पर संदेह कर आये दिन विवाद करता था। बीती रात 12 बजे के करीब उसने उसी बात को लेकर विवाद करते हुए मारपीट की और उसके ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेलकर माचिस से आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी महिला ने मदद की गुहार लगाई जिसे सुनकर पड़ोस में रहने वाली उसकी बहन व जीजा उसे बचाने आये और किसी तरह उसके शरीर से आग बुझाई तब तक उसका  चेहरा, हाथ, सीना, पीठ झुलस गया था। आग बुझाकर रेशमा को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल रवाना किया गया है जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। 
घर से भागा आरोपी पति 
बीती रात हुई घटना के बाद आरोपी पति घर से भाग गया। पुलिस द्वारा उसकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गयी, लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने आशंका जताई है कि वह शहर से बाहर चला गया है।
इनका कहना है
 बीती रात बाबा टोला क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जलाकर मारने का प्रयास किया। आग से जली महिला की हालत गंभीर है, वहीं आरोपी पति फरार है। 
-संजय सिंह, टीआई 
 

Tags:    

Similar News