4 साल बाद हुई अच्छी बरसात, 24 सेंटीमीटर बढ़ा बाणसागर का जल स्तर

4 साल बाद हुई अच्छी बरसात, 24 सेंटीमीटर बढ़ा बाणसागर का जल स्तर

Bhaskar Hindi
Update: 2019-07-09 07:45 GMT
4 साल बाद हुई अच्छी बरसात, 24 सेंटीमीटर बढ़ा बाणसागर का जल स्तर

डिजिटल डेस्क, सतना। चालू मानसून सीजन के दौरान जिला मुख्यालय समेत जिले में ये पहला मौका था जब महज 90 मिनट के अंदर यहां 57.01 मिलीमीटर यानि सवा 2 इंच बरसात हुई। इसी सीजन में अब तक की ये सर्वाधिक बारिश थी। उल्लेखनीय है, इससे पूर्व वर्ष 2016 की 6 जुलाई को यहां 24 घंटे के दौरान 10 इंच रिकार्ड तोड़ पानी गिरा था।

बाणसागर का जल स्तर बढ़ कर 335.25 मीटर पहुंचा
 शहडोल और कटनी क्षेत्र में अच्छी बारिश से बाणसागर का जल स्तर बढ़ कर 335.25 मीटर पहुंच गया है। जल स्तर में 24सेंटीमीटर का इजाफा हुआ है। सोमवार को इस बांध में 764 क्यूमेक्स पानी पहुंचा। ये बांध सोन और छोटी नदी पर बंधा है। इसके फुल भराव का जल स्तर 341.64 मीटर है। फिलहाल जल भराव 47.04 फीसदी है। बांध को कैचमेंट एरिया में लबालब करने के लिए 1400 मिमी बारिश की जरूरत पड़ती है। 

सामान्य से 5 डिग्री नीचे गिरा अधिकतम तापमान 

सतना जोरदार बारिश के बीच सोमवार को यहां अधिकतम तापमान में सामान्य से 5 डिग्री की गिरावट पाई गई। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे गिरा। अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री मापा गया। सुबह हवा में नमी 92 प्रतिशत और शाम को 97 फीसदी पाई गई। 

मौसम का मिजाज 
तापमान : अधिकतम : 30.5 डिग्री 
न्यूनतम :  24.6 डिग्री 
हवा में नमी : 
सुबह : 92 प्रतिशत  
शाम : 97 प्रतिशत 
बारिश : 90 मिनट में सवा 2 इंच 

पानी पर पैर रखते ही गिरे धड़ाम से 

बारिश इतनी धुंधाधार थी कि शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जलावर्धन और सीवर लाइन के नाम पर सड़कों की अंधाधुंध खुदाई के कारण जिसने भी बारिश के पानी पर पैर रखा धड़ाम से सड़क पर ही  गिर गया। जो भी मदद के लिए आगे बढ़ा उसका भी यही हश्र हुआ। शहर के अंदर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेमरिया चौक से लेकर बस स्टैंड तक यही हाल रहा। इसी क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सर्विस रोड में भी सैलाब रहा। सर्विस रोड के समनांतर बनाए गए नाले का पानी सड़क पर आ गया,जबकि सर्विस रोड के बरसाती पानी को नाले में जाना चाहिए था। 

Tags:    

Similar News