पत्नी को शूट कर खुद पर किया फायर, ससुराल में जाकर दिया घटना को अंजाम

पत्नी को शूट कर खुद पर किया फायर, ससुराल में जाकर दिया घटना को अंजाम

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-12 06:21 GMT
पत्नी को शूट कर खुद पर किया फायर, ससुराल में जाकर दिया घटना को अंजाम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पति-पत्नी का विवाद कभी-कभी बड़ा खतरनाक मोड़ ले लेता है, ऐसा ही एक वाक्या दत्तात्रय नगर में सामने आया। पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी के सीने में गोली दागकर उसकी हत्या कर दी। बाद में खुद को भी गोली मार कर सुसाइड का प्रयास किया। दंपति रवींद्र उर्फ रवि नागपुरे (48) और उसकी पत्नी मीना नागपुरे (45) दत्तात्रय नगर निवासी है। रवि की मानेवाड़ा रोड पर प्लायवुड की दुकान है। बताया जाता है कि उस पर कर्ज हो गया था। जिसके चलते उसने अपना मकान बेच दिया था। 

कार से उतरते ही फायर
पता चला है कि रवि ने मीना के सीने में एक गोली दागी, उसके बाद खुद पर दो गोली फायर किया। नागपुरे दंपति को शासकीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। उपचार के दौरान पत्नी ने दम तोड़ दिया। नागपुरे दंपति को अंकित नागपुरे नामक पुत्र है। मीना कुछ माह पहले ही अपने मायके में रहने आई थी, कहा जा रहा है कि मीना के पति पर काफी कर्ज हो गया था। इस बात का लेकर पति- पत्नी के बीच नोक-झोंक होती रहती थी। विवाद का असर बेटे पर न पड़े, इसलिए मीना मायके में रहने आ गई थी। रवि मंगलवार की रात ससुराल पहुंचा। कार से उतरने के बाद मीना के कमरे में पहुंचा। मीना उस समय भोजन कर रही थी। उसने बंदूक निकाली और मीना के सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद भी मीना कमरे से बाहर निकलकर भागी, मगर जमीन पर गिर पड़ी। 

बेटे ने बंद कर दिया दरवाजा
गोली चलने की आवाज सुनकर मीना के पिता बाहर आ गए। रवि को कमरे से भागता देखकर उसके बेटे अंकित ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। रवि ने दूसरी ओर से भागने की कोशिश की, लेकिन बेटे ने वह दरवाजा भी बंद कर दिया। भागने का कोई रास्ता न दिखाई देने पर रवि नागपुरे ने खुद पर बंदूक से दो गोलियां चला ली। वह भी खून से लथपथ कमरे में जमीन पर गिर पड़ा। पिता और मां को जख्मी हालत में देखकर अंकित ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को पिता द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना दी। उसके बाद सक्करदरा थाने के थानेदार संदीपान पवार सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को पहले मेडिकल अस्पताल भिजवाया। उसके बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक सक्करदरा पुलिस मामले की जांच कर रही थी। 

एक माह बाद आया था मिलने
पता चला है कि रवि अपनी पत्नी से करीब एक माह बाद मिलने आया था। कार से उतरने के बाद उसने बेटे से भी बात नहीं किया। सीधे मीना के कमरे में दाखिल हुअा और बिना कोई बात किए ही बंदूक निकाली तथा फायर कर दी। मीना के जमीन पर गिरने के बाद उसने भागने की कोशिश की। असफल होने पर उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की।  
 

Similar News