शरद पवार की मौजूदगी में भाजपा विधायक शेलार बोले - मराठा समाज की महिला बने मुख्यमंत्री

शरद पवार की मौजूदगी में भाजपा विधायक शेलार बोले - मराठा समाज की महिला बने मुख्यमंत्री

Tejinder Singh
Update: 2020-11-20 15:58 GMT
शरद पवार की मौजूदगी में भाजपा विधायक शेलार बोले - मराठा समाज की महिला बने मुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा विधायक आशीष शेलार ने कहा कि क्षमतावान मराठा समाज की महिला को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनना चाहिए। शेलार ने राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के सामने यह बातें कही हैं। शेलार का इशारा पवार की बेटी तथा राकांपा सांसद सुप्रिया सुले की ओर था। गुरुवार को पत्रकार विजय चोरमारे की किताब ‘कर्तृत्ववान मराठा स्त्रिया’ का विमोचन हुआ। इस मौके पर शेलार ने कहा कि क्षमतावान मराठा समाज की महिला महाराष्ट्र की मुख्यमंत्री बने। यह अपेक्षा रखने वाला समाज का एक बड़ा वर्ग है। इसको मेरा भी शतप्रतिशत समर्थन होगा। शेलार ने पवार की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पवार बड़े दिल के बड़े नेता हैं। 

शेलार के मराठा समाज की महिला को मुख्यमंत्री बनने वाले बयान के कई राजनीति मायने निकाले जा रहे हैं। राकांपा के वरिष्ठ नेता तथा प्रदेश के वर्तमान उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मुख्यमंत्री बनने की हसरत किसी से छिपी नहीं है। दूसरी ओर राकांपा के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर सुप्रिया के नाम की चर्चा गाहे-बगाहे होती रहती है। दूसरी ओर विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस की प्रदेश का दोबारा मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा है। उन्होंने साल 2019 के विधानसभा चुनाव में ‘मैं दोबारा आऊंगा’ का नारा भी दिया था। इधर, मुंबई मनपा का पिछला चुनाव भाजपा ने शेलार के नेतृत्व में लड़ा था। लेकिन भाजपा ने इस बार मुंबई मनपा के आगामी चुनाव की जिम्मेदारी पार्टी के विधायक अतुल भातखलकर को दी है। इससे शेलार के नाराज होने के कयास लगाए जा रहे हैं। 

 

Tags:    

Similar News