भाग निकला दुराचार का आरोपी जेल प्रहरी - सतना जेल गई थी पुलिस टीम

भाग निकला दुराचार का आरोपी जेल प्रहरी - सतना जेल गई थी पुलिस टीम

Bhaskar Hindi
Update: 2019-10-26 07:40 GMT
भाग निकला दुराचार का आरोपी जेल प्रहरी - सतना जेल गई थी पुलिस टीम

डिजिटल डेस्क जबलपुर । जेल में पदस्थ प्रहरी को पकडऩे के लिए सतना जेल गई जबलपुर की पुलिस टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा है। जेल में पदस्थ प्रहरी सत्यम पटेल पर जबलपुर की एक युवती द्वारा शादी के नाम पर दैहिक शोषण करने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में जेल प्रहरी के खिलाफ दुराचार का मामला भी दर्ज किया गया था। पुलिस ने मय सबूत के दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद पता किया तो सत्यम इन दिनों सतना जेल में पदस्थ है। सत्यम होशंगाबाद का रहने वाला है और जब पुलिस का दल उसे गिरफ्तार करने के लिए पहुँचा, तो वह उस समय जेल में मुलाकात कक्ष में ड्यूटी कर रहा था। उसे खबर लग गई  कि उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस उसे खोज रही है तो वह चुपके से गायब हो गया। 
ड्यूटी पर आते ही होगा गिरफ्तार
जब पुलिस उसके आवास पर गई तो वह फरार हो चुका था। पुलिस दल ने जेल अधीक्षक को मामले की जानकारी देकर कहा है कि जैसे ही सत्यम वापस ड्यूटी पर आता है, वैसे ही उसे पकड़कर उसकी जानकारी पुलिस को दी जाये। पुलिस के अनुसार युवती की रिपोर्ट पर सत्यम के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद से ही आरोपी जेल प्रहरी पुलिस की गिरफ्तारी से बचता फिर रहा है। पुलिस का एक दल उसके पैतृक घर होशंगाबाद भी गया था लेकिन सत्यम वहाँ भी नहीं मिला। उसकी तलाश जोर शोर से की जा रही है।
 

Tags:    

Similar News