महाकौशल व विंध्य से भाजपा को मिल रहीं दस सीटें, कांग्रेस के खाते में सिर्फ छिंदवाड़ा  

महाकौशल व विंध्य से भाजपा को मिल रहीं दस सीटें, कांग्रेस के खाते में सिर्फ छिंदवाड़ा  

Bhaskar Hindi
Update: 2019-05-23 09:19 GMT
महाकौशल व विंध्य से भाजपा को मिल रहीं दस सीटें, कांग्रेस के खाते में सिर्फ छिंदवाड़ा  

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की चली आंधी ने महाकौशल तथा विंध्य क्षेत्र से कांग्रेस का फट्टा साफ कर दिया है। यहां छिंदवाड़ा की एकमात्र सीट ही कांग्रेस के खाते में जा रही है जबकि 10 सीटों पर भाजपा अपना परचम लहराने जा रही है। छिंदवाड़ा में 15 वें चक्र में मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ भाजपा प्रत्याशी नत्थन शाह को 35000 से भी अधिक मतों से पीछे छोड़ चुके हैं।

दस सीटों पर भाजपा आगे
बालाघाट, होशंगाबाद ,दमोह ,मंडला , खजुराहो, सीधी ,सतना,शहडोल तथा रीवा की 10 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 10 वें राउंड के बाद भी अपनी शानदार बढ़त बनाए हुए थे। जबलपुर संसदीय क्षेत्र से राकेश सिंह चौथी बार जीत का परचम लहराने वाले हैं और उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर नेता विवेक तन्खा को काफी पीछे छोड़ दिया है। इसी तरह बालाघाट से ढाल सिंह बिसेन अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के मधु भगत से 90000 से अधिक वोटों से आगे चल रहे थे। होशंगाबाद से राव उदय प्रताप सिंह एक बार फिर जीत की ओर बढ़ रहे हैं तो दमोह संसदीय क्षेत्र से पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल भी कांग्रेस के प्रताप सिंह को पछाड़ते नजर आ रहे हैं। प्रहलाद पटेल 2 :00 बजे तक 50000 से अधिक मतों से आगे थे। मंडला संसदीय क्षेत्र से भाजपा के ही पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के कमल मरावी से 30000से अधिक मतों से आगे हैं। खजुराहो से भाजपा प्रत्याशी विष्णु शर्मा जीत की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

विंध्य हुआ भाजपामय
सतना से भजपा के गणेशसिंह एक बार फिर जीत का रिकॉर्ड बनाने वाले हैं। सीधी से रीति पाठक कांग्रेस के कद्दावर नेता अजय सिंह राहुल को काफी पीछे छोड़ कर एक बार पुन: इस सीट पर अपनी जीत का परचम लहराने जा रहीं हैं। शहडोल की हिमाद्रि सिंह सांसद चुनकर अब दिल्ली में दस्तक देंगी और इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी वे कांग्रेस प्रत्याशी प्रमिला सिंह से काफी आगे चल रही हैं। रीवा के जनार्दन मिश्रा भी एक बार फिर रिकॉर्ड बनाते नजर आ रहे है वे कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ राज तिवारी से काफी आगे चल रहे हैं।

Tags:    

Similar News