अगले 48 घंटे में राज्यभर में पहुंच जाएगा मानसून, मुंबई में हल्की बारिश 

अगले 48 घंटे में राज्यभर में पहुंच जाएगा मानसून, मुंबई में हल्की बारिश 

Tejinder Singh
Update: 2020-06-11 15:39 GMT
अगले 48 घंटे में राज्यभर में पहुंच जाएगा मानसून, मुंबई में हल्की बारिश 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना संकट के बीच किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य के कई इलाकों में मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मानसून पहुंच जाएगा और बारिश होगी। मुंबई और आसपास के इलाकों में गुरुवार को भी छुटपुट बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 और 14 जून को मुंबई में भारी बरसात हो सकती है। मौसम विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जनरल केएस होसलिकर ने बताया कि मानसून अरब सागर में 18 डिग्री उत्तर होते हुए रत्नागिरी से सोलापुर होते हुए आगे बढ़ रहा है। अगले 48 घंटे मानसून को आगे बढ़ने के लिए बेहद अनुकूल है।

मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में आने वाले कुछ दिनों में भारी बारिश का अनुमान है। उत्तर मध्य महाराष्ट्र को छोड़कर राज्य के ज्यादातर इलाकों में अगले 4 दिनों में बरसात हो जाएगी। वहीं मुंबई और पालघर जिलों में आगामी शनिवार और रविवार को भारी बरसात हो सकती है। लोगों को सतर्कता बरतने की चेतावनी दी गई है। मानसून के दस्तक देते ही मुंबई में बरसात का सिलसिला शुरू हो गया और महानगर के दादर, माटुंगा, कोलाबा, मालाड, कांदिवली  समेत ठाणे जिले के भी कई इलाकों में गुरुवार को रिमझिम बरसात हुई। इस साल राज्य में मानसून सामान्य रहने की उम्मीद है।  


 

Tags:    

Similar News