अभिनेता सलमान खान के फॉर्म हाउस की रेकी करने वाले आरोपियों से पूछताछ के बाद लौटी मुंबई पुलिस

पंजाब अभिनेता सलमान खान के फॉर्म हाउस की रेकी करने वाले आरोपियों से पूछताछ के बाद लौटी मुंबई पुलिस

Tejinder Singh
Update: 2022-09-20 16:39 GMT
अभिनेता सलमान खान के फॉर्म हाउस की रेकी करने वाले आरोपियों से पूछताछ के बाद लौटी मुंबई पुलिस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता सलमान खान के फॉर्म हाउस की रेकी करने वाले आरोपियों से पूछताछ के बाद मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की टीम पंजाब से वापस लौट आई है। मुंबई पुलिस ने गायक और कांग्रेसी नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में गिरफ्तार कपिल पंडित नाम के आरोपी से पूछताछ की। वापस लौटी पुलिस अब पंडित के बयान के आधार पर मामले की आगे तहकीकात करेगी और आरोपी के दावे सही पाए गए तो सलमान को धमकाने के मामले में उसे हिरासत में लेने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगी। दरअसल पंडित ने गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस को बताया था कि उसने संतोष जाधव और सचिन तपन नाम के दो साथियों के साथ अभिनेता सलमान के नई मुंबई के पनवेल इलाके में स्थित फार्महाउस की रेकी की थी। साथ ही सलमान अपने बांद्रा स्थित घर से जिस रास्ते फॉर्म हाउस जाते हैं आरोपियों ने उसकी भी जानकारी इकठ्ठा की थी। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की टीम पंडित से पूछताछ करने पंजाब गई थी। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी से यह जानकारी ली गई कि उसने रेकी के दौरान क्या-क्या जानकारी इकठ्ठा की थी और इस दौरान वे कहां रहे थे। आरोपी ने बताया कि सलमान जिस रास्ते से गुजरते हैं उसके करीब ही उन्होंने एक किराए का घर लिया था। वापस लौटने के बाद पुलिस की टीम पनवेल के उन ठिकानों पर गई जिनके बारे में आरोपी ने जानकारी दी है। आरोपी के दावे सही पाए गए तो सलमान खान को धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया जाएगा।
 

बता दें कि सलमान के पिता सलीम खान को सुबह की सैर के दौरान एक धमकी भरी चिठ्ठी मिली थी जिसमें उनका और उनके बेटे सलमान का हाल सिद्धू मूसेवाला की तरह करने की धमकी दी गई थी। काले हिरण के शिकार का मामला सामने आने के बाद से ही अभिनेता सलमान लॉरेंस विश्नोई गिरोह के निशाने पर हैं और उन्हें पहले भी धमकी दी जा चुकी है। कुछ दिनों पहले ही मुंबई पुलिस ने धमकी के मद्देनजर सलमान को हथियार का लाइसेंस जारी किया है। 

 

Tags:    

Similar News