सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने वालों की अब खैर नहीं,एनडीएस ने की 2384 लोगों पर कार्रवाई

सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने वालों की अब खैर नहीं,एनडीएस ने की 2384 लोगों पर कार्रवाई

Anita Peddulwar
Update: 2019-10-12 10:47 GMT
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  सार्वजनिक जीवन में अनुशासनहीनता बरतने वालों पर मनपा का स्वच्छता अभियान कहर बरपा रहा है। मनपा के न्यूसेंस डिटेक्शन स्क्वॉड (एनडीएस) द्वारा  सार्वजनिक स्थान पर थूकने और खुले में लघुशंका करने वाले 2384 लोगों पर कार्रवाई की गई। सभी 10 जोन में स्क्वॉड द्वारा 11 दिसंबर 2017 से 10 अक्टूबर 2019 के बीच यह कार्रवाई की गई।  

मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर, अतिरिक्त आयुक्त राम जोशी के मार्गदर्शन में न्यूसेंस डिटेक्शन स्क्वॉड के प्रमुख वीरसेन तांबे के नेतृत्व में दल ने यह कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन कर शहर को नुकसान पहुंचाने वालों पर कार्रवाई करने के लिए नागपुर महानगरपालिका द्वारा एनडीएस को तैनात किया गया है। जोन स्तर पर दल की नियुक्ति कर उसमें 87 लोगों को शामिल किया गया है। दल ने 11 दिसंबर 2017 से 10 अक्टूबर 2019 के बीच सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वाले 1052 लोगों पर कार्रवाई कर 95 हजार 800 रुपए का दंड वसूला। खुले में लघुशंका करने वाले 1332 लोगों से 2 लाख 9 हजार 700 रुपए दंड वसूल किया गया है। दोनों कार्रवाई में कुल 2384 लोगों से 3 लाख 5 हजार 500 रुपए दंड वसूल किया गया है। 

मनपा मुख्यालय परिसर में 110 लोगों पर जुर्माना
उल्लेखनीय है कि, सिविल लाइन्स स्थित मनपा मुख्यालय परिसर में भी एनडीएस द्वारा खुले में लघुशंका व थूकनेे वाले 110 लोगों पर कार्रवाई कर दंड वसूला गया।

सहयोग का आह्वान 
मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर ने कहा कि, नागपुर शहर संपूर्ण देश में सुंदर शहर के रूप में ख्याति प्राप्त कर रहा है। अपना शहर हरा-भरा, सुंदर और स्वच्छ रखने में नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिस कारण हमारी तरफ से कोई उपद्रव न हो, इसे लेकर नागरिक सावधानी बरतें। ऐसा कुछ दिखाई देने पर त्वरित मनपा के एनडीएस अथवा स्वच्छता विभाग को जानकारी दें।

हनुमान नगर जोन में सर्वाधिक कार्रवाई
न्यूसेंस डिटेक्शन स्क्वॉड द्वारा सार्वजनिक स्थान पर थूंकने को लेकर सर्वाधिक कार्रवाई हनुमान नगर जोन में और खुले में लघुशंका करने बाबत लक्ष्मी नगर व गांधीबाग जोन में कार्रवाई की गई। हनुमान नगर जोन में सार्वजनिक स्थान पर थूकने वालों पर सर्वाधिक 289 लोगों पर कार्रवाई की गई। लक्ष्मीनगर जोन में 159, गांधीबाग जोन में 117, धरमपेठ जोन में 115, आशी नगर जोन में 95, लकड़गंज जोन में 91, धंतोली जोन में 87, मंगलवारी जोन में 62, नेहरू नगर जोन में 27, सतरंजीपुरा जोन में 10 लोगों पर कार्रवाई की गई। लक्ष्मी नगर व गांधीबाग जोन में खुले में लघुशंका करने वाले 225 लोगों पर कार्रवाई की गई। इसी तरह धंतोली जोन में 210, मंगलवारी जोन में 149, धरमपेठ व लकड़गंज जोन में 114-114, आशी नगर जोन में 108, हनुमान नगर जोन में 71, नेहरू नगर जोन में 45, सतरंजीपुरा जोन में 11 लोगों पर कार्रवाई की गई। जोन स्तर पर तैनात एनडीएस द्वारा उक्त कार्रवाई की गई। 
 

Tags:    

Similar News