केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री ने कहा - महाराष्ट्र में कम नहीं हो रहे हैं बाघ

केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री ने कहा - महाराष्ट्र में कम नहीं हो रहे हैं बाघ

Tejinder Singh
Update: 2018-07-23 15:10 GMT
केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री ने कहा - महाराष्ट्र में कम नहीं हो रहे हैं बाघ

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने इस बात से इंकार किया है कि महाराष्ट्र में बाघों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री डॉ हर्षवर्द्धन ने कहा है कि बाघों की हो रही गणना के प्रारंभिक आंकड़े बताते हैं कि महाराष्ट्र सहित पूरे देश में बाघों की संख्या बढ़ रही है।

डॉ हर्षवर्द्धन ने यह जानकारी सोमवार को राज्यसभा में भाजपा सांसद डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे के एक सवाल के जवाब में दी। सहस्त्रबुद्धे ने पूछा था कि क्या महाराष्ट्र सरकार ने प्रदेश में बाघों की कम होती संख्या को लेकर केन्द्र सरकार से चिंता व्यक्त की है। इस पर केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र में बाघों की संख्या कम होने की कोई जानकारी केन्द्र के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में बाघों की गणना हर चार वर्ष के बाद होती है। इस क्रम में अभी बाघों को गिनने का काम चल रहा है।

हर्षवर्द्धन ने बताया कि बाघ जनगणना के जो प्रारंभिक आंकड़े सामने आए हैं उसके मुताबिक महाराष्ट्र सहित पूरे भारत में बाघों की संख्या कम नहीं हो रही है, बल्कि बढ़ रही है। हालांकि मंत्री ने इस संबंध में कोई आंकड़ा नहीं दिया।

Similar News