शिवसेना में संगठनात्मक फेरबदल जल्द, मुंबई से टीम आएगी

शिवसेना में संगठनात्मक फेरबदल जल्द, मुंबई से टीम आएगी

Tejinder Singh
Update: 2020-01-06 15:22 GMT
शिवसेना में संगठनात्मक फेरबदल जल्द, मुंबई से टीम आएगी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शिवसेना में स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक फेरबदल जल्द होगा। अगले सप्ताह ही मुंबई से कुछ पदाधिकारियों की टीम आएगी। शहर के अलावा जिले में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर संगठन का पुनर्गठन होगा। शिवसेना के मंत्री भी संगठन कार्य में योगदान देंगे। शहर में दो जिला प्रमुख नियुक्त करने की मांग पर भी विचार चल रहा है। शिवसेना के वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार राज्य स्तर पर संगठन पुनर्गठन का काम चल रहा है। महाविकास आघाड़ी की सरकार के गठन के बाद इस कार्य को और भी गति दी जा रही है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे व युवा सेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे सरकार में शामिल है। लिहाजा संगठन कार्य के लिए नए पुराने नेताओं को काम पर लगाया जा रहा है। नागपुर जिले के मामले में मंत्री अनिल परब, पूर्व मंत्री दिवाकर रावते व लोकसभा सदस्य गजानन कीर्तिकर को संरक्षक की भूमिका में रखा गया है।

इससे पहले 3 जनवरी को ही शहर व जिले में संगठन कार्य की समीक्षा की तैयारी थी। लेकिन जिला परिषद व पंचायत समितियों के चुनाव को देखते हुए समीक्षा कार्य को चुनाव परिणाम आने तक के लिए लंबित रख दिया गया। शहर स्तर पर वैभव देवेकर पूर्व नागपुर, संतोष धवडे पश्चिम, दीपक सुर्वे दक्षिण व शैलेंद्र चिखलकर को दक्षिण पश्चिम नागपुर का संपर्क प्रमुख बनाया गया है। प्राथमिक रिपोर्ट पहले ही तैयार की जा चुकी है। शहर में शिवसेना के कुछ कार्यकर्ताओं ने मुंबई जाकर मांग की थी कि यहां 2 जिला प्रमुख नियुक्त किए जाए। 3-3 विधानसभा क्षेत्र की उन्हें जिम्मेदारी दी जाए। उस मांग के अनुरुप भी संगठन कार्य में नियोजन की तैयारी है। जिला ग्रामीण अर्थात रामटेक लोकसभा क्षेत्र में दो जिला प्रमुख नियुक्त हैं। जिले में शिवसेना के चुने हुए जनप्रतिनिधियों की संख्या कम है। संगठन को मजबूती देने की मांग लंबे समय से रही है। लिहाजा दावा किया जा रहा है कि पुनर्गठन के बाद शिवसेना नए स्वरुप में दिखेगी। 

Tags:    

Similar News