राजनाथ सिंह ने की गडकरी से मुलाकात, कहा - स्वास्थ्य पर ध्यान दें

राजनाथ सिंह ने की गडकरी से मुलाकात, कहा - स्वास्थ्य पर ध्यान दें

Bhaskar Hindi
Update: 2019-08-02 07:46 GMT
राजनाथ सिंह ने की गडकरी से मुलाकात, कहा - स्वास्थ्य पर ध्यान दें

डिजिटल डेस्क,नागपुर।  पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर सोलापुर विद्यापीठ के स्थापना दिवस कार्यक्रम में तबीयत खराब होने के बाद केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी गुरुवार शाम को नागपुर पहुंचे। इस दौरान डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचे थे। वे अमरावती से महाजनादेश यात्रा में शामिल होकर नागपुर आए थे। राजनाथ सिंह ने कुछ देर रुककर केंद्रीय मंत्री गडकरी का हाल-चाल जाना और उन्हें स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। सोलापुर विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में नितीन गडकरी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, लेकिन उनके ‘ऑल इज वेल’ की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं ने राहत महसूस की।

गुरुकुंज मोझरी में भाजपा की महाजनादेश यात्रा में राजनाथ सिंह को भी यह जानकारी मिली थी। मोझरी से नागपुर विमानतल पर आगमन के बाद राजनाथ सिंह को सोलापुर से  नितीन गडकरी के आने की जानकारी मिली। उन्होंने कुछ समय वहां प्रतीक्षा करने का निर्णय लिया। नितीन गडकरी के विमान से उतरने के बाद दोनों नेताओं की विमानतल पर ही मुलाकात हुई। इस दौरान राजनाथ सिंह ने गडकरी का हालचाल जाना। इसके बाद रक्षामंत्री विशेष विमान से अपने तय कार्यक्रम के लिए निकल गए। राजनाथ सिंह और नितीन गडकरी के आगमन की जानकारी मिलने पर उनके स्वागत के लिए पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पूर्व सांसद अजय संचेती और भाजपा शहराध्यक्ष प्रवीण दटके सहित अन्य विधायकगण उपस्थित थे।

 

 

Tags:    

Similar News