‘हिंदू आतंकवाद’ शब्द के इस्तेमाल के लिए माफी मांगे शिंदेः तावडे

‘हिंदू आतंकवाद’ शब्द के इस्तेमाल के लिए माफी मांगे शिंदेः तावडे

Tejinder Singh
Update: 2019-04-17 12:43 GMT
‘हिंदू आतंकवाद’ शब्द के इस्तेमाल के लिए माफी मांगे शिंदेः तावडे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा नेता व प्रदेश के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री तथा सोलापुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुशील कुमार शिंदे से ‘हिंदू आतंकवाद’ शब्द के प्रयोग के लिए जनता से माफी मांगने की मांग की है। तावडे ने कहा कि मतदाताओं की सहानभूति हासिल करने के लिए शिंदे ने कहा है कि यह उनका आखिरी चुनाव होगा। लेकिन शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के करीबी होने के बावजूद सोलापुर की समस्याओं को सुलझा नहीं पाए।

भाजपा नेता की पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री से मांग 

बुधवार को तावडे ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण भी सहानभूति जुटा रहे हैं। चव्हाण ने मतदाताओं से कहा है कि मुझे बचाइए। लेकिन केवल सहानभूति दिखाकर वोट नहीं मिलता है। तावडे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष शरद पवार के मराठा आरक्षण के बयान को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जज बीएच लोया प्रकरण में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के विरोध में जयश्री पाटील ने याचिका दाखिल की थी। जयश्री ने मराठा आरक्षण के विरोध में याचिका दाखिल किया है। ऐसी जानकारी है कि उनके वकील सदावर्ते है। तावडे ने कहा कि शाह के विरोध में याचिका दाखिल करने और मराठा आरक्षण का विरोध करने वाले एक ही लोग हैं तो उसके पीछे कौन है। पवार को यह जनता के सामने बताना चाहिए। 

नोटबंदी के लिए मोदी का क्या मिले सजा: सावंत

दूसरी ओर शिंदे को लेकर तावडे के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि शिंदे से माफी मांगने की अपेक्षा करने वाले तावडे पहले बताएं कि नोटबंदी के फैसले के कारण जनता को हुई परेशानी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कौन से चौक पर सजा दी जाए। जनता इसके इंतजार में है। सावंत ने कहा कि कांग्रेस ने नांदेड़ में विकास नहीं किया होता तो जनता मनपा चुनाव में भाजपा के पूरी ताकत लगाने के बावजूद कांग्रेस को भरपूर वोट नहीं देती। सावंत ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल में सोलापुर के दो मंत्री भाजपा के हैं। सोलापुर मनपा में भाजपा की सत्ता है। फिर भी शहर में पांच दिन में एक बार पानी क्यों आता है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सोलापुर का क्या विकास हुआ है। तावडे को यह बताना चाहिए।    
 

Tags:    

Similar News