कोरोना से बचाव के लिए लोगों को काढ़ा बांट रही सामाजिक संस्था

कोरोना से बचाव के लिए लोगों को काढ़ा बांट रही सामाजिक संस्था

Tejinder Singh
Update: 2021-05-23 12:54 GMT
कोरोना से बचाव के लिए लोगों को काढ़ा बांट रही सामाजिक संस्था

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना संक्रमण से बचाव में रोग प्रतिकारक क्षमता बेहद अहम होती है। इसे देखते हुए अभियान नामक सामाजिक संस्था मुंबई में लोगों को मुफ्त में आयुष काढ़ा बांट रही है। संस्था के संस्थापक अमरजीत मिश्र के मुताबिक अब तक लोगों को 55 हजार से ज्यादा काढ़ा की बोतलें बांटी जा चुकीं हैं। यह काढ़ा ऑटोरिक्शा चालकों, फेरीवालों के साथ-साथ डॉक्टरों को भी बांटा गया है। मिश्र ने कहा कि कोविड 19 वायरस के चलते अर्थव्यवस्था और लोगों के स्वास्थ्य पर बेहद प्रतिकूल असर पड़ा है। आयुष मंत्रालय ने रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए काढ़े के सेवन का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि काढ़ा बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली चीजें सभी के घरों में होतीं हैं लेकिन ज्यादातर लोग इसे तैयार नहीं करते। इसीलिए संस्था ने कोरोनों संक्रमण के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा कर रहे लोगों को मुफ्त में काढ़ा बांटने का फैसला किया। ऑटोरिक्शा चालकों, फेरीवालों, मजदूरों और दूसरे जरूरतमंद लोगों को अभियान संस्था की ओर से काढ़ा बांटा जा रहा है। इसके अलावा डॉक्टरों, नर्सों, लेखकों, कवियों, साहित्यकारों, रंगकर्मियों और दूसरे कलाकारों को भी संस्था की ओर से काढ़ा दिया गया है। मिश्र ने बताया कि इस काम में अभियान संस्था के अध्यक्ष रामसजीवन दूबे, महामंत्री चंदन सिंह के साथ संस्था से जुड़े दूसरे लोग भी सहयोग कर रहे थे।

जरूरतमंदों को दिया राशन

कोरोना संक्रमण के चलते लगी पाबंदियों ने कई परिवारों को भुखमरी के कगार पर ला दिया है। ऐसे ही जरूरतमंद 500 परिवारों को क्षत्रिय गौरव गौरव सेवा संस्था की ओर के राशन बांटा गया।  संस्था के संस्थापक सुधाकर सिंह बिसेन ने बताया कि हर परिवार को 25-25 किलो राशन दिया गया है। संस्था के सदस्यों ने ही मदद के लिए राशि दी है। संस्था से जुड़े अनिल निर्भर सिंह, भाजपा नेता उदय प्रताप सिंह, वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह, वकील विनोद सिंह आदि ने इस काम में मदद की। बिसेन ने कहा कि हम आसपास रहने वाले गरीबों से लगातार संपर्क में हैं और जरूरत के मुताबिक उन्हें आगे भी अनाज दिया जाएगा।
 

Tags:    

Similar News