सर्वर डाउन : सरकारी राशन दुकानों पर हो रही किचकिच

सर्वर डाउन : सरकारी राशन दुकानों पर हो रही किचकिच

Tejinder Singh
Update: 2020-03-08 11:21 GMT
सर्वर डाउन : सरकारी राशन दुकानों पर हो रही किचकिच

डिजिटल डेस्क, नागपुर। होली के ठीक पहले सर्वर डाउन होने से जरूरतमंदों को सरकारी अनाज मिलने में परेशानी हो रही है। एक उपभोक्ता को 30-35 मिनट इंतजार करने के बाद अनाज मिल पा रहा है। उपभोक्ता इसके लिए राशन दुकानदार को जिम्मेदार बता रहे है। दुकानदारों का कहना है कि, तकनीकी खराबी में हमारा कोई हाथ नहीं है। सर्वर डाउन होने की शिकायत अधिकारियों से की गई है। अनाज मिलने में हो रहे विलंब के कारण कई जगह दुकानदार व उपभोक्ता के बीच शाब्दिक विवाद भी हो रहे हैं।

प्वाइंट ऑफ सेल (पॉस) मशीन पर अंगूठा लगाने के बाद ही उपभोक्ता को सरकारी अनाज दिया जाता है। पॉस मशीन का नियंत्रण पूरी तरह नेशनल इंफारमेशन सेंटर (एनआईसी) व उसके द्वारा नियुक्त एजेंसी के हाथ में होता है। पिछले 3 दिन से सर्वर डाउन होने से जरूरतमंदों को अनाज समय पर नहीं मिल पा रहा है। एक-एक व्यक्ति को 30-40 मिनट तक इंतजार करने के बाद अनाज मिल रहा है। उपभोक्ता पॉस मशीन पर अंगूठा तो लगाता है, लेकिन पर्ची बाहर नहीं निकलने से दुकानदार अनाज नहीं दे सकता। विभाग का आदेश है कि, पॉस मशीन पर अंगूठा मैच होने के बाद ही अनाज दिया जाए। दुकानदार चाह कर भी उपभोक्ता को बगैर अंगूठा मैच कराए अनाज नहीं दे सकता।

मंत्री तक को दी सूचना

राशन दुकानदार संघ अध्यक्ष सुभाष समुसले के मुताबिक सर्वर डाउन होने की सूचना राज्य के खाद्यान्न मंत्री छगन भुजबल को दी गई है। विभाग के अधिकारियों को सर्वर डाउन होने व इससे हो रही परेशानी की जानकारी दी गई है। पॉस मशीन का काम देखने वाली इंटीग्रा कंपनी के प्रतिनिधियों से भी शिकायत की, लेकिन एनआईसी से ही सर्वर डाउन होने का जवाब मिला। उपभोक्ता सारा दोष दुकानदारों पर मढ़ रहे हैं। हम सिस्टम व उपभोक्ता के बीच में फंस गए हैं। त्योहारी सीजन में अक्सर सर्वर डाउन होता है। उपभोक्ता ज्यादा समय तक दुकान में रुकना नहीं चाहता।

अब हालात सामान्य हो गए

अन्न धान्य वितरण अधिकारी अनिल सवई के मुताबिक दिल्ली से सर्वर बेंगलुरु में शिफ्ट किया गया, इसलिए तीन दिन तक सर्वर डाउन था। अब सब कुछ ठीक हो गया है। सामान्यरूप से अनाज का वितरण हो सकेगा। सर्वर ठीक होने की जानकारी दुकानदारों को वाट्स एप पर दे दी गई है।

Tags:    

Similar News