कोकीन के कैप्सूल निगल मुंबई पहुंचा यूगांडा का तस्कर गिरफ्तार

7 करोड़ कीमत कोकीन के कैप्सूल निगल मुंबई पहुंचा यूगांडा का तस्कर गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2022-05-18 16:18 GMT
कोकीन के कैप्सूल निगल मुंबई पहुंचा यूगांडा का तस्कर गिरफ्तार

डि़जिटल डेस्क, मुंबई। कोकीन भरी 70 कैप्सूल निगलकर तस्करी की कोशिश करने वाले यूगांडा के एक नागरिक को डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने मुंबई हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। अदालत की मंजूरी के बाद मुंबई के जेजे अस्पताल में आरोपी के पेट से कोकीन भरा कैप्सूल बरामद करने की प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपी के पेट से बरामद कोकीन की कुल कीमत 7 करोड़ रुपए है। पकड़े गए आरोपी का नाम ब्रैंडन मिगाडे है। डीआरआई के एक अधिकारी के मुताबिक गुप्त सूचना के बाद आरोपी को मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से पकड़ा गया। अधिकारियों ने आरोपी के सामान की तलाशी ली तो कुछ नहीं मिला लेकिन संदेह के आधार पर उसे हिरासत में ले कर अदालत से जांच की मंजूरी ली गई। इसके बाद अस्पताल में एक्सरे और सोनोग्राफी कराई गई तो संदिग्ध के पेट में कई कैप्सूल नजर आई। इसके बाद आरोपी को जेजे अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां डॉक्टरों ने आरोपी के शरीर से कोकीन भरे कैप्सूल बरामद किए। बरामद नशे की खेप जब्त करने के साथ आरोपी ब्रैंडन के खिलाफ एनडीपीएस कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उसे जेजे अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। आरोपी नशे की खेप किन लोगों तक पहुंचाने वाला था इसकी भी छानबीन की जा रही है।  

 

Tags:    

Similar News