नागपुर में मौसम हुआ सुहाना, पारा गिरा

नागपुर में मौसम हुआ सुहाना, पारा गिरा

Anita Peddulwar
Update: 2018-05-04 05:09 GMT
नागपुर में मौसम हुआ सुहाना, पारा गिरा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। तेज चिलचिलाती धूप व लू के थपेड़े झेल रहे नागपुर शहर का मौसम अचानक बदल गया है। नमी के तेजी से आने के चलते शहर का तापमान दिन में औंधे मुंह गिर पड़ा। शाम होते-होते तेज हवा से मौसम सुहाना हो गया। शुक्रवार की सुबह से मौसम में नरमी दिखाई दे रही है जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान बुधवार की अपेक्षा 6 डिग्री गिर कर 37.9 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री नीचे रहा।

शाम के समय आई तेज हवाओं के कारण दक्षिण पश्चिम नागपुर में कुछ स्थानों पर छींटे भी पड़े। मौसम विभाग के अनुसार शाम 7:30 बजे तक 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।  गुरुवार सुबह से ही आसमान मेघों से आच्छादित होने लगा था। इसके चलते धूप के तीखेपन में दिन भर नरमी बनी रही। पिछले एक सप्ताह से लू की चपेट में शहर बना हुआ था ठंडी हवा से लोग राहत महसूस कर रहे हैं।

आज भी मौसम रहेगा सुहाना
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बंगाल के गंगा के कछार, उत्तर ओड़िशा तथा पश्चिम विदर्भ के ऊपर चक्रवाती चक्र बने हुए हैं। विदर्भ पर बने चक्रवात से एक द्रोणिका मराठवाड़ा, दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र व कर्नाटक से होते हुए लक्षद्वीप तक खिंची हुई है। इससे देश के अधिकांश भागों में नमी का फैलाव बना हुआ है। बादलों के छाने और हवा में नमी की मात्रा होने से गर्मी का प्रभाव घटा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी मौसम में विशेष बदलाव के आसार नहीं है। तापमान स्थिर बना रहेगा।

शनिवार के बाद विदर्भ फिर एक बार लू की चपेट में आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री ऊपर 27.4 डिग्री  सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता दिन व रात में कमोबेश एक सी रही। अधिकतम आर्द्रता 47 व न्यूनतम 46 प्रतिशत दर्ज हुई। गुरुवार की रात भी मौसम में ठंडक रही। शुक्रवार की सुबह भी मौसम में ठंडक ही रही ।

Similar News