जिप के 46, मनपा के 8 स्कूलों में विद्यार्थी सीखेंगे विज्ञान के प्रयोग

जिप के 46, मनपा के 8 स्कूलों में विद्यार्थी सीखेंगे विज्ञान के प्रयोग

Anita Peddulwar
Update: 2019-10-30 07:48 GMT
जिप के 46, मनपा के 8 स्कूलों में विद्यार्थी सीखेंगे विज्ञान के प्रयोग

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  विज्ञान केवल पुस्तकों से नहीं पढ़ा जा सकता। उसे समझने के लिए प्रयोगशाला निहायत जरूरी है। विज्ञान में विद्यार्थियों की रूचि बढ़ाने के लिए समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत 54 सरकारी स्कूलों में साइंस लैब खोले गए हैं, इसमें जिला परिषद के 46 और महानगरपालिका की 8 स्कूलें प्रमुखता से शामिल हैं।  इन प्रयोगशालाओं में विद्यार्थियों को विज्ञान के पाठ पढ़ने का अवसर उपलब्ध हुआ है।

सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को विज्ञान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत 54 साइंस लैब खोले गए। प्रति लैब के लिए 3 से 4 लाख रुपए खर्च किए गए है। साइंस लैब नहीं रहने से गुणवत्ता और इच्छाशक्ति रहने पर भी विद्यार्थी विज्ञान में पिछड़ जाते हैं। बोर्ड परीक्षा में विज्ञान छोड़ अन्य विषयों में अच्छे नंबर से उत्तीर्ण होकर भी विज्ञान संकाय में दाखिला नहीं ले पाते। समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत इस कमी को दूर करने का प्रयास किया गया है। साइंस लैब के लिए आवश्यक 500 चौरस फीट का कमरा उपलब्ध स्कूलों का चयन किया गया।

लैब में विज्ञान के विविध मॉडल्स तथा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। स्कूल में गणित तथा विज्ञान शिक्षक, गटसाधन केंद्र में कार्यरत विज्ञान व गणित के साधन व्यक्ति साइंस लैब में विद्यार्थियों को विज्ञान के पाठ पढ़ाएंगे। शिक्षकों को जिला स्तर पर साइंस लैब सामग्री का इस्तेमाल करने व विद्यार्थियों को पाठ पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। डायट के सभागृह में पहला प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिन स्कूलों में साइंस लैब खोले गए हैं, उन स्कूलों के गणित और विज्ञान शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पिछले वर्ष जिले में 17 स्कूलों में साइंस लैब खोले गए थे। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने का शिक्षा विभाग ने दावा किया है। 
 

तहसीलवार    साइंस लैब  
तहसील                लैब
मनपा                   8
काटोल                 4
नरखेड़                 4
हिंगना                  4
कामठी                4
नागपुर                  3
सावनेर                 4
मौदा                   3
पारशिवनी             2
कलमेश्वर             4
रामटेक                4
उमरेड                 3
कुही                   4
भिवापुर                3
कुल                  54
 

Tags:    

Similar News