दुबई में बोले राहुल गांधी, मन की बात करने नहीं आया...आपकी सुनने आया हूं

दुबई में बोले राहुल गांधी, मन की बात करने नहीं आया...आपकी सुनने आया हूं

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-11 05:31 GMT
दुबई में बोले राहुल गांधी, मन की बात करने नहीं आया...आपकी सुनने आया हूं
हाईलाइट
  • अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में करेंगे संबोधित
  • आईओसी के निमंत्रण पर पहुंचे सऊदी
  • गुरुवार देर रात दुबई पहुंचे राहुल

डिजिटल डेस्क, अबु धाबी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दो दिन की यात्रा पर पहली बार सऊदी अरब पहुंचे हैं। गुरुवार देर रात दुबई पहुंचे राहुल शुक्रवार को दुबई तो शनिवार को अबु धाबी का दौरा करेंगे। अपने दौरे में कांग्रेस अध्यक्ष अप्रवासी भारतीयों और भारतीय छात्रों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां जानेंगे। राहुल दुबई के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7.45 बजे प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे।

राहुल गांधी ने शुक्रवार दोपहर दुबई में प्रवासी भारतीयों से कहा कि हम आपसे बातचीत करना चाहते हैं। मैं यहां अपनी मन की बात करने नहीं आया हूं, मैं आपकी मन की बात सुनने आया हूं। राहुल गांधी भारतीय प्रवासी कांग्रेस (आईओसी) के निमंत्रण के बाद सऊदी की यात्रा पर पहुंचे हैं। ये 2019 में उनका पहला विदेशी दौरा भी है। प्रवासी कांग्रेस ने एक प्रेजेंटेशन तैयार किया है, जिसके जरिए राहुल को दुबई में रहने वाले भारतीयों की परेशानियों के बारे में बताया जाएगा। प्रजेंटेशन में दुबई में रहने वाले मजदूरों की दुर्दशा के बारे में भी बताया जाएगा। दुबई में होने वाले इंडो-अरब सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए राहुल गांधी को चीफ गेस्ट बनाया गया है।

इस कार्यक्रम के लिए आईओसी संगठन काफी दिनों से तैयारियां कर रहा था। कार्यक्रम में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए एक विशेष वेबसाइट भी बनवाई गई थी। दुबई के क्रिकेट स्टेडियम में राहुल लोगों से भारत का आईडिया विषय भी चर्चा करेंगे। भारतीय प्रवासी कांग्रेस के अध्यक्ष सेम पित्रादा ने स्टेटमेंट जारी किया, जिसके मुताबिक दुबई के अलावा भी विदेशों में राहुल गांधी को दौरा जारी रहेगा।

पहले दिन राहुल प्रवासी भारतीयों से मुलाकात करेंगे। वो विदेशों में रह रहे उद्योगपतियों, स्थानीय नेताओं और मजदूरों से भी मिलेंगे। इसके बाद दूसरे दिन वो अबु धाबी पहुंचकर सऊदी के मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष भारतीय उद्योगपतियों के एक समूह से भी मुलाकात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक राहुल शेख जायेद मस्जिद भी जा सकते हैं। राहुल के साथ केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी भी मौजूद रहेंगे।

Similar News