कांग्रेस 12 अक्टूबर को कर सकती है 5 राज्यों के टिकटों का ऐलान

कांग्रेस 12 अक्टूबर को कर सकती है 5 राज्यों के टिकटों का ऐलान

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-10 10:50 GMT
कांग्रेस 12 अक्टूबर को कर सकती है 5 राज्यों के टिकटों का ऐलान
हाईलाइट
  • कांग्रेस ने चुनावों की तैयारियां शुरू कीं
  • टिकट बंटवारे को लेकर मंथन किया शुरू
  • सपा
  • बसपा मिलकर मप्र में लड़ेंगी चुनाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पांच राज्यों में आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस समय पार्टी टिकटों के बंटवारे को लेकर मंथन कर रही है। कांग्रेस की सेंट्र्रल इलेक्शन कमेटी टिकटों के बंटवारे पर 12 अक्टूबर को फैसला लेगी। माना जा रहा है कि इस दिन उम्मीदवारों का ऐलान भी हो जाएगा। मध्यप्रदेश और राजस्थान में बसपा और सपा से गठबंधन में विफल रही कांग्रेस के लिए टिकटों का बंटवारा आसान नजर नहीं आ रहा है। 

बता दें कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से नाराज होकर कहा था कि वो कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करने वाली है। सपा ने अकेले ही प्रदेश में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा था कि वो अब कांग्रेस का और इंतजार नहीं कर सकते हैं। मध्य प्रदेश में वो बसपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से गठबंधन करेंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में भी दोनों पार्टियों के साथ गठबंधन की बात कही है। 


बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने भी मध्य प्रदेश में कांग्रेस के बिना ही चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। मायावती ने कहा था कि वो कांग्रेस से भीख नहीं मांगने वाली हैं। उन्होंने कहा था कि हमने कांग्रेस से सिर्फ सम्मानजनक सीट मांगी थीं, लेकिन कांग्रेस ने इसे अस्वीकार कर दिया। मायावती ने यह भी साफ किया था कि वे राजस्थान और मध्यप्रदेश में अकेले चुनाव लड़ेंगी। मायावती ने यह आरोप भी लगाया था कि बसपा को कमजोर करने के लिए भाजपा और कांग्रेस मिलकर काम कर रही हैं।

 

 

 

बता दें कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना में चुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ में 2 चरण, जबकि बाकि सभी राज्यों में एक-एक चरण में मतदान होना है। जिन राज्यों में चुनाव होना हैं, उसमें से मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा की सरकार है। इसके अलावा मिजोरम में कांग्रेस और तेलंगाना में तेलंगाना राष्ट्र समिति की सरकार है।

Similar News