राज्यपाल से बीजेपी की मुलाकात पर बोले संजय राउत- बहुमत है तो सरकार बनाएं

राज्यपाल से बीजेपी की मुलाकात पर बोले संजय राउत- बहुमत है तो सरकार बनाएं

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-07 08:42 GMT
राज्यपाल से बीजेपी की मुलाकात पर बोले संजय राउत- बहुमत है तो सरकार बनाएं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में नई सरकार बनाने को लेकर खींचतान जारी है। शिवसेना और बीजेपी दोनों ही मुख्यमंत्री पद को लेकर अड़े हुए हैं। पिछले महीने 21अक्टूबर के हुए विधानसभा चुनावों में 105 सीटें जीतकर भाजपा अकेली सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। इसके अलावा शिवसेना को 288 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीटें मिली हैं।

24 अक्टूबर को मतदान के परिणाम घोषित होने के बाद से दस दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन सरकार बनने में देरी हो रही है, क्योंकि भाजपा-शिवसेना में अभी भी मतभेद कम नहीं हुए हैं। शिवसेना का दावा है कि उसने 50-50 फॉर्मूले पर सहमति के बाद ही भाजपा से गठबंधन किया। वहीं, भाजपा इससे इनकार कर रही है। 

राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा करने के लिए वंचित बहुजन अघड़ी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ आज महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की।

 

मुंबई के पुलिस कमिश्नर संजय बर्वे ने राजभवन में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की

 

महाधिवक्ता राज्यपाल से मिलने पहुंचे

महाराष्ट्र के महाधिवक्ता, आशुतोष कुंभकोनी राज्यपाल, भगत सिंह कोश्यारी से मिलने राजभवन पहुंचे। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 9 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

 

हमारे पास सीएम बनाने की संख्या - राउत

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हमारा रुख बदला नहीं है। हमारे पास अपना मुख्यमंत्री बनाने के लिए संख्या है। हमें यह दिखाने की जरूरत नहीं है। हमारे पास विकल्प हैं, हम विकल्पों के बिना नहीं बोलते हैं। उन्होंने कहा कि यदि आपके पास (भाजपा) संख्या है तो सरकार बनाए। अगर संख्या नहीं है तो इसे स्वीकार करें। संविधान इस देश के लोगों के लिए है, यह उनकी (भाजपा की) निजी संपत्ति नहीं है। हम संविधान को अच्छी तरह से जानते हैं। हम महाराष्ट्र में शिवसेना के सीएम का गठन संवैधानिक रूप से करेंगे।

 

राज्यपाल से मिले बीजेपी नेता

 

भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में गिरीश महाजन, चंद्रकांत पाटिल, सुधीर मुनगंटीवार और आशीष शेलार शामिल थे। जिन्होंने  राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। 

जनता ने महायुति को जनादेश दिया - पाटिल

महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि जनता ने महायुति (गठबंधन) को जनादेश दिया है। सरकार बनाने में देरी हो रही है। हम राज्य में कानूनी विकल्पों और राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए राज्यपाल से मिले। 
 

राज्यपाल से मिलने पहुंचे भाजपा नेता

भाजपा  प्रतिनिधिमंडल राजभवन में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने पहुंच गया है। कहा जा रहा है कि बीजेपी राज्यपाल को प्रदेश की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी देगी।

 

 

हमने ज्यादा कुछ नहीं मांगा- उद्धव ठाकरे

शिवसेना विधायकों के साथ बैठक के बाद उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमने कुछ ज्यादा नहीं मांगा है। जो पहले तय हुआ था, हमें वह चाहिए। बीजेपी नेताओं से मेरी कोई भी सीधी बात नहीं हुई है। हमारे पास सभी विकल्प हैं, लेकिन हम नहीं चाहते हैं कि उन पर हम विचार करें। उद्धव ठाकरे से बैठक के बाद मीडिया से  शिवसेना विधायक गुलाबराव पाटिल ने कहा है कि जो फैसला उद्धव ठाकरे लेंगे, हमें वही मंजूर होगा।उन्होंने कहा कि हमें तोड़ने का दम किसी माई के लाल में नहीं है। कोई हमें नहीं तोड़ सकता। बैठक के बाद शिवसेना के सभी विधायकों को होटल ले जाएगा। सभी विधायकों दो दिन तक रंगशारदा होटल में रहेंगे।


मैं नहीं बनूंगा सीएम -गडकरी 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार बनाने पर जल्द ही कोई फैसला होगा। देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में ही सरकार बनाई जानी चाहिए। गडकरी ने कहा, सरकार गठन में आरएसएस और मोहन भागवत जी को कई संबंध नहीं है।गडकरी ने साफ कहा कि मेरा महाराष्ट्र में लौटने का कोई सवाल ही नहीं है। मैं दिल्ली में काम करना जारी रखूंगा। उन्होंने कहा कि हमें शिवसेना का समर्थन जरूर मिलेगा। हम उनके साथ बातचीत कर रहे हैं। 

 

हमें विधायक टूटने का डर नहीं - राउत

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि , हमारे विधायक अपने संकल्प में दृढ़ हैं और पार्टी के लिए प्रतिबद्ध हैं। जो लोग इस तरह की अफवाहें फैला रहे हैं उन्हें पहले अपने विधायकों की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री शिवसेना का ही होगा।

 

 

Tags:    

Similar News