13 घंटे तक बाढ़ के पानी में तैरती रही वृद्ध महिला, मछुआरों ने बचाया

13 घंटे तक बाढ़ के पानी में तैरती रही वृद्ध महिला, मछुआरों ने बचाया

Bhaskar Hindi
Update: 2017-07-31 17:40 GMT
13 घंटे तक बाढ़ के पानी में तैरती रही वृद्ध महिला, मछुआरों ने बचाया

डिजिटल डेस्क, वर्धमान। पश्चिम बंगाल के बाढ़ प्रभावित वर्धमान जिले में उफनती दामोदर नदी में 62 वर्षीय वृद्ध महिला ने 13 घंटे तक पानी में तैरते रहकर अपनी जान बचाई। महिला लगातार 80 किलोमीटर तक तैरती रहीं। इतने लम्बे समय तक पानी के तेज बहाव के साथ तैरती वृद्ध महिला पर मछुआरों की नजर पड़ी और उन्होंने महिला को नदी से निकाला।

नदी देखने गई थी
पूर्वी वर्धमान जिले के कालीबाजार की निवासी 62 वर्षीया ताप्ती चौधरी आंगनवाड़ी में कर्मचारी हैं। वह शनिवार शाम को दामोदर नदी के उफान को देखने गई थीं। लेकिन दुर्घटनावश वह नदी में गिर गईं। उन्होंने मदद के लिए पुकारा लेकिन आसपास उन्हें बचाने वाला कोई नहीं था। पूरी रात वह तैरते रहने के लिए मशक्कत करती रहीं।

मछुआरों ने बचाई जान
13 घंटे में 80 किलोमीटर तक पानी के साथ बही वृद्ध महिला को रविवार सुबह कुछ मछुआरों ने देखा। मछुआरों ने उन्हें नदी से बाहर निकाला। जब महिला को बचाया गया, तब वह पूरी तरह होश में थीं। वृद्धा ने कहा, "मुझे पता चला कि जहां मुझे बचाया गया, वह स्थान हुगली जिले के परसुरा में मुंडेरी नदी का मरकुंडा फेरी घाट था। यह स्थान, उस स्थान से 80 किलोमीटर दूर है, जहां मैं नदी में गिरी थी।"

बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया और फिर उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अब भी सदमे से उबरने की कोशिश कर रहीं वृद्धा ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि वह मौत के मुंह से बचकर निकल आई हैं।

Similar News