रोड शो में बोलीं प्रियंका- मोदी ने काशी में कभी गरीब परिवार को गले नहीं लगाया

रोड शो में बोलीं प्रियंका- मोदी ने काशी में कभी गरीब परिवार को गले नहीं लगाया

Bhaskar Hindi
Update: 2019-04-05 03:39 GMT
रोड शो में बोलीं प्रियंका- मोदी ने काशी में कभी गरीब परिवार को गले नहीं लगाया
हाईलाइट
  • कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के समर्थन में वोट मांगें
  • गाजियाबाद में प्रियंका गांधी का रोड शो

डिजिटल डेस्क, गाजियाबाद। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को गाजियाबाद में रोड शो कर लोकसभा चुनाव 2019 का प्रचार किया। इस दौरान प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि "मोदी दुनिया भर में घूम आए हैं। जापान गए वहां गले लगे, पाकिस्तान गए वहा बिरयानी खाई, चाइना गए वहां गले लगे।" प्रियंका ने पूछा क्या कभी किसी ने पीएम मोदी को वाराणसी में गरीब परिवार से गले लगते देखा है?"

 

 

रोड शो के लिए प्रियंका सबसे पहले घंटाघर पहुंची जहां उन्होंने सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और फिर वहीं से रोड शो की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने गाजियाबाद सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के लिए वोट मांगे। प्रियंका के साथ रोड शो में डॉली शर्मा भी पूरे समय मौजूद रही। प्रियंका की एक झलक पाने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए प्रियंका गांधी ने लोगों से हाथ मिलाया और लोगों ने उनके साथ सैल्फी भी ली। इस दौरान ‘चौकीदार चोर है’ के जमकर नारे भी लगाए गए। बता दें कि गाजियाबाद में कांग्रेस की ओर से डॉली शर्मा प्रत्याशी हैं, जबकि बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री वीके सिंह मैदान में हैं। 

इससे पहले प्रियंका गांधी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान मिलने और कांग्रेस में महासचिव पद मिलने के बाद लखनऊ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ रोड शो किया था। इसके बाद उन्होंने नाव से गंगा यात्रा भी की, जिसमें वह इलाहाबाद से लेकर वाराणसी तक कई जगह चुनाव प्रचार के लिए पहुंचीं। बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में वोटिंग होनी है। राज्य में 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई और 19 मई को वोटिंग होगी। वहीं, 23 मई को वोटों की गिनती होगी। प्रियंका के अलावा 5 से 9 अप्रैल तक गाजियाबाद में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई बड़े नेताओं की जनसभाएं और रोड शो होंगे। 

 

 

 

Tags:    

Similar News